
- बड़ा तालाब और जयपाल सिंह स्टेडियम के सौन्दर्यीकरण कार्य को मिलेगी गति
Ranchi: राजधानी रांची में सुगम व सरल यातायात प्रबंधन के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग की विभिन्न एजेंसियों द्वारा चलायी जा रही योजनाओं की नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अजय कुमार सिंह ने विस्तृत समीक्षा की और कई आवश्यक निर्देश भी दिये.
इस क्रम में सचिव ने स्मार्ट रोड का निर्माण, कांटाटोली फ्लाईओवर निर्माण कार्य सहित कुछ अन्य फ्लाईओवर के लिए पूर्व में दिये गये निर्देशों पर हुए कार्य, चौक-चौराहों पर होनेवाले जंक्शन इंप्रूवमेंट, कमांड कंट्रोल एंड कम्यूनिकेशन सेंटर और सिटी बस संचालन को लेकर विभाग व विभिन्न एजेंसियों की तैयारी का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन भी देखा.
इसी दौरान सचिव ने बड़ा तालाब और जयपाल सिंह स्टेडियम के सौंदर्यीकरण कार्य की भी जानकारी ली और मार्गदर्शन दिया.
इसे भी पढ़ें – #MomentumJharkhand: पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, राजबाला वर्मा समेत कई अधिकारियों के खिलाफ एसीबी में शिकायत
बड़ा तालाब के आसपास के इलाके में सड़कें चौड़ी करने का दिया निर्देश
सचिव ने निर्देश दिया कि बड़ा तालाब के आसपास के इलाके में सड़कें चौड़ी हों. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया कि कंक्रीट का कार्य कम से कम या फिर न के बराबर हो. सचिव ने यहां कैफेटेरिया के साथ-साथ बच्चों के लिए प्लेइंग जोन बनाने के निर्देश दिये हैं.
बड़ा तालाब में मोटर बोट, वाटर स्कूटर इत्यादि को सुरक्षा के साथ किसी प्रोफेशनल एजेंसी से संचालित कराने के भी निर्देश दिये हैं. सचिव ने कहा कि युवाओं के लिए भी कुछ एक्टिविटी सेंटर के लिए स्पेस चिन्हित कर इस जगह को मल्टी एक्टिविटी केन्द्र के रूप में विकसित करें.
इसी स्थान पर गाड़ियों के पार्किंग की भी व्यवस्था करने को लेकर निर्देश जारी किया है. फूड कोर्ट, एसपीटी और लाईट तथा फाउंटेन को लेकर भी कई आवश्यक निर्देश दिये गये. इस मौके पर राजीव चड्डा के द्वारा बनाया गया पीपीटी भी देखा गया.
इसे भी पढ़ें – विवेकानंद प्रतिमा : रघुवर दास का वायदा फेल, अब बीजेपी सांसद ही दोषियों पर कार्रवाई की कर रहे मांग
जयपाल सिंह स्टेडियम जीर्णोंद्धार
जयपाल सिंह स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए रांची नगर निगम और चड्ढा कंसल्टेंसी की ओर से बनाये गये पीपीटी पर सचिव ने कई संशोधन करते हुए कहा कि दो तरफ से पहले से ही चहारदीवारी है. दो अन्य किनारे से इस परिसर की बाउंड्री लंबे घास से करायें और इसे ग्रीन जोन में विकसित करें. साथ ही टहलने के लिए ट्रैक भी बनायें.
कांटाटोली फ्लाईओवर निर्माण कार्य फिर से शुरू करने का भी निर्देश
सचिव ने बेहतर यातायात प्रबंधन को लेकर स्मार्ट सड़कों के कार्य में प्रगति की भी समीक्षा की और कार्य पूरा करने का निर्देश जुडको को दिया. उन्होंने कहा कि जिस जगह पर यूटिलीटी डक्ट और ड्रेन डक्ट के लिए आरसीसी नहीं हो सकता वहां ह्यूम पाइप लगा कर कार्य आगे बढ़ायें.
इस क्रम में सचिव ने जेल चौक के आस-पास के इलाकों के सड़कों का चौड़ीकरण और सौन्दर्यीकरण करने का भी निर्देश दिया जो स्मार्ट रोड नंबर 3 के तहत विकसित होना है. इसके साथ ही कांटाटोली फ्लाईओवर निर्माण कार्य फिर से शुरू करने का भी निर्देश दिया.
जंक्शन इंप्रूवमेंट के लिए पीएमसी जल्द बहाल होंगे
सचिव ने चार स्मार्ट सड़कों में आनेवाले 26 जंक्शन को इंप्रूव करने का प्लान भी देखा और इसके लिए जल्द पीएमसी बहाल करने की प्रक्रिया शुरु करने का निर्देश दिया. इसी क्रम में शहर के लगभग दस जगहों पर एस्केलेटर वाला स्काईवे बनाने के लिए जगह चिन्हित करने का निर्देश नगर आयुक्त मनोज कुमार को दिया. उन्होंने स्मार्ट सिटी के सीईओ शशिरंजन को निर्देशित किया कि जंक्शन इंप्रूवमेंट के लिए पीएमसी जल्द बहाल करें और शहर के अन्य स्ट्रीट में भी सड़क विड्थ और वेंडर जोन के साथ साथ बस, ऑटो, रिक्शा स्टैंड के लिए जगह चिन्हित करायें. सचिव नें स्मार्ट सिटी मीशन के तहत स्थापित हो रहे कमांड कंट्रोल कम्यूनिकेशन सेंटर का ट्रायल शुरू करने का निर्देश दिया.
सिटी बस संचालन की तैयारी
विभागीय सचिव नें राजधानी रांची के विभिन्न इलाकों में सरल व सुगम यातायात प्रबंधन को लेकर भी सिटी बस संचालन के लिए रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन लिमिटेड और पीएमसी की ओर से बनाए गये रूट व बस संचालन मॉडल की जानकारी ली. इस मॉडल में आनेवाले खर्च, संचालन के तौर तरीकों और बसों के मॉडल पर चर्चा भी हुई. शहर के बीचोबीच चलनेवाली सड़कों पर बैट्री से संचालित होनेवाली बसों पर सहमति बनी तो कुछ सीएनजी आधारित बसों के मॉडल पर भी सरकार आगे बढ़ सकती है.
सरकार की कोशिश है कि करीब पचास पुरानी बसों को रिंग रोड के इलाके में चलाया जाये और दो या तीन लॉट में करीब डेढ़ सौ से ज्यादा नयी बसों को शहर में उतारा जाये. ये सभी बसें लो फ्लोर होंगी, कुछ बसें वातानुकुलित तो कुछ सामान्य बसें भी होंगी. इस विषय पर आइटीडीपी की ओर से राजेन्द्र वर्मा ने भी कई प्रेजेंटेशन दिखाये.
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर : चांडिल के गांवों में #Elephants मचा रहे हैं उत्पात, ग्रामीणों ने वन अधिकारियों को घेरा




757479 554927Hey there. I want to to inquire somethingis this a wordpress weblog as we are thinking about shifting more than to WP. Also did you make this theme on your personal? Thanks. 942509