
Ranchi : राजधानी रांची के जरगा गांव में जादू-टोना और डायन बिसाही के शक में एक बुज़ुर्ग की पीट कर हत्या कर दी गई. आरोप है कि मृतक बालेश्वर उरांव जिसको जो बोलता था, उसके साथ वही होता था. इसी डर से उसकी हत्या कर दी गई. गिरफ्तार आरोपियों में अनिमा मुंडा, जूलियानी तिर्की, सोमरी देवी, दशमी देवी और दुलिया उरांव के नाम शामिल हैं. सभी आरोपी महिला अनगड़ा थाना क्षेत्र के जरगा की रहने वाली हैं. पुलिस ने आरोपी महिलाओं की निशानदेही पर काण्ड में प्रयुक्त दो डंडा एवं एक बड़ा पत्थर बरामद किया है. पुलिस के अनुसार बुधवार को सुबह सूचना मिली कि अनगड़ा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को जादू-टोना एवं डायन-बिसाही का आरोप लगते हुए जरगा (तेतरटोली) में गांव की कुछ महिलाओं ने बीते मंगलवार को हत्या कर दी है. सूचना पर अनगड़ा थाना प्रभारी ने दलबल के साथ घटनास्थल पहुंच कर एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य संकलित किया. मृतक बालेश्वर उरांव के पुत्र अनिल उरांव के बताये अनुसार संदिग्ध महिलाओं को थाना लाया गया. वहीं मृतक के पुत्र के फर्द बयान पर अनगड़ा थाना (काण्ड संख्या-46/24) आईपीसी की विभिन्न धारा और डायन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया. वहीं थाना लायी गयी महिलाओं से केस के अनुसंधानकर्ता ने गहराई से पूछताछ की तो पांचों महिलाओं ने अपना-अपना अपराध स्वीकार किया. उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो डंडा एवं एक बड़ा पत्थर बरामद किया गया.



