
Khunti: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष रसिकेश कुमार की अध्यक्षता में 22 फरवरी को होने वाले एनआई एक्ट एवं मेट्रीमोनियल वाद से संबंधित वादों के निष्तारन हेतु विशेष लोक अदालत के लिए प्रधान जिला जज के चेंबर में बैठक की गई. बैठक में उपस्थित लोगों से अपील किए हैं कि यह विशेष लोक अदालत 22 फरवरी को होना है, जिसमें पक्षकार समझौता पूर्व न्यायालय में उपस्थित होकर अधिक से अधिक अपने वादों का निष्पादन करा सकेंगे. इस बैठक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष रसिकेश कुमार, डीएलएसए सचिव राजश्री अपर्णा कुजूर एवं पक्षकार अधिवक्ता उपस्थित रहे.
गांव के लोगों को दी गई कानून की जानकारी
झालसा, रांची के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष रसिकेस कुमार के मार्गदर्शन में गुरुवार को नालसा द्वारा संचालित 90 दिवसीय आउटरीच अभियान के तहत पीड़ीडीह, मारंगहादा, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय प्लस टू रनिया, मुरहू के हेठगोआ और तोरपा के दियांकेल पंचायत में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम 18 दिसंबर से प्रारंभ हुआ है, जो लगातार 90 दिनों तक चलेगा. अभियान का मुख्य विषय चिकित्सा सहायता योजना, वृद्धाश्रम, बाल विवाह से संबंधित, पोक्सो एक्ट से संबंधित, सर्व शिक्षा अभियान से संबंधित एवं डायन प्रथा आदि से संबंधित रखा गया था. जिसमें डालसा के पीएलवी ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को जागरूक किया एवं कल्याणकारी योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया. इस जागरूकता कार्यक्रम में टीम के सभी पीएलबी उपस्थित रहे. यह जानकारी डालसा सचिव राजश्री अपर्णा कुजूर के द्वारा दी गई.
खूंटी की नेहा जूनियर नेशनल आर्चरी चैम्पियनशिप के लिए चयनित
खूंटी की नेहा नाग का चयन 44वें जूनियर नेशनल आर्चरी चैम्पियनशिप के लिए हुआ है. यह प्रतियोगिता पश्चिम बंगाल के भोलपुर में 10 से 17 फरवरी तक आयोजित होना है. इसके लिए खूंटी जिले से रिकर्व राऊंड में नेहा नाग का चयन किया गया है. बता दें कि 22 जनवरी को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कंपलेक्स टाटा आर्चरी अकादमी में चयन शिविर में प्रतियोगिता के दौरान प्राप्त अंकों के आधार पर नेहा नाग का चयन किया गया है. यह जानकारी खूंटी जिला तीरंदाजी संघ के सचिव बसंत कुमार ने दी.
अफीम की खेती नष्ट
जिले के मारंगहादा थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़गम ग्रामसभा में गांव से अफीम को संपुर्ण रूप से खत्म करने के निर्णय के अनुसार चार दिनों बाद फिर एक बार अफीम के खिलाफ अभियान चलाया. इस दौरान गांव के सारे लोग हाथों में छड़ी लेकर अफीम के खेत में उतरे और ट्रैक्टर भी चलाया गया. ग्रामप्रधान सुखराम टुटी ने कहा कि गांव में पुलिस आई थी. ग्रामसभा में पुलिस के द्वारा अफीम के प्रति लोगों को जागरूक किया गया था. जिसके बाद रविवार को गांव में ग्रामीणों ने अफीम विनष्टिकरण का अभियान चलाया था. जिसके बाद गुरुवार को पुन: अफीम विनष्टिकरण का काम किया गया गया.
झामुमो ने मनाई नेताजी की जयंती
खूंटी में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाई. पूर्वाह्न ग्यारह बजे विधायक राम सूर्या मुंडा समेत अन्य झामुमो नेता उपर चौक स्थित नेताजी की प्रतिमा के पास जुटे.सबने नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किया. मौके पर विधायक ने कहा कि सुभाष चन्द्र बोस जी का जन्म 23 जनवरी 1897 हुआ. आज हम उनकी 128वीं जयंती मना रहे हैं. सुभाष चंद्र बोस भारत के स्वतन्त्रता संग्राम के अग्रणी तथा सबसे बड़े नेता थे. अंग्रेज़ों के खिलाफ लड़ने के लिए ही उन्होंने आजाद हिंद फौज का गठन किया था. उन्होंने दिल्ली चलो और तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हे आज़ादी दूंगा जैसे नारे दिए थे.




