
Ranchi : अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित डीएवी कपिलदेव के प्रिंसिपल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. यौन शोषण के आरोपी प्रिंसिपल मनोज कुमार सिन्हा प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से फरार बताये जा रहे हैं. आरोपी प्रिंसिपल का मोबाइल भी बंद है. जिस वजह से पुलिस को सही लोकेशन नहीं मिल पा रहा है. आरोपी प्रिंसिपल मनोज कुमार सिन्हा के विरुद्ध कार्यस्थल पर यौन शोषण करने के प्रयास का स्कूल की ही एक महिला कर्मी ने अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज करवायी थी. पीड़ित महिला ने प्रिंसिपल पर ब्लड प्रेशर चेक करने के बहाने अपने चेंबर में बुला कर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया था. कहा गया कि मनोज कुमार सिन्हा लगातार अपने साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए हर तरीके से दबाब देता था. अपने मोबाइल से प्रिंसिपल पीड़िता को अश्लील वीडियो भेजता था. वीडियो कॉल करके परेशान करता था. कई बार जबरदस्ती गलत काम करने का भी प्रयास किया. पीड़ित इन सभी घटनाओं का कई बार वीडियो बना चुकी थी. आरोपी के द्वारा लगातार यौन उत्पीड़न से तंग आकर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी.
पीड़िता का बयान दर्ज कराने के लिए पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
गुरुवार को अरगोड़ा थाना की पुलिस को पीड़िता का सीआरपीसी की धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. पुलिस जब डीएवी कपिलदेव स्कूल पीड़िता का बयान लेने पहुंची तो मुख्य दरवाजे को बंद कर दिया गया. पुलिस को बताया गया कि ड्यूटी के समय पीड़िता को स्कूल से निकलने नहीं दिया जायेगा. मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी समझाने बुझाने का प्रयास किया, लेकिन स्कूल के कर्मी अड़े रहे. कर्मियों ने पुलिस को बताया कि लिखित में देना होगा तभी ले जाने देंगे. इसके बाद पुलिस ने कोर्ट में बयान दर्ज करवाने से पूर्व ले जाने के लिए स्कूल प्रबंधक को लिखित आवेदन दिया. जिसके बाद पीड़िता को बाहर जाने दिया गया. इसके बाद पुलिस ने कोर्ट में पीड़िता का बयान दर्ज करवाया.
इसे भी पढ़ें – chaibasa-big-news : वन विभाग का रेंजर घूस लेते हुये गिरफ्तार, घर से 99 लाख रुपये नकद बरामद



