
Patna : एनआईटी के निदेशक असित नारायण को मेल के जरिये जान से मारने की धमकी मिली है. यशराज नाम के एक युवक ने यह धमकी दी है. धमकी भरा इमेल प्राप्त होने के बाद एनआईटी के निदेशक असित नारायण ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत पटना के पीरबहोर थाने में कर दी है.
गौरतलब है कि नौकरी परमानेंट कराने की चाह को लेकर पूर्व में भी इस तरह से यशराज ने मेल किए थे. एनआईटी कॉलेज में संविदा पर कार्य करने वाला यशराज अपनी नौकरी को परमानेंट कराने को लेकर लगातार एनआईटी के निदेशक पर दबाव बना रहा था और जब यशराज की नौकरी स्थाई नहीं की गयी तो इसी बात से गुस्साए यशराज ने एनआईटी के निदेशक असित नारायण के मेल पर उन्हें जान से मारने की धमकी भरा ई-मेल कर दिया.
अपने ईमेल पर धमकी भरा ई-मेल देखकर असीत नारायण घबरा गए और आनन-फानन में इस पूरे मामले की लिखित शिकायत पीरबहोर थाने में कर दी है.
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए पीरबहोर थाना प्रभारी सबी उल हक ने बताया कि एनआईटी के रजिस्ट्रार के द्वारा इस पूरे प्रकरण की लिखित शिकायत की गयी है. शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की अनुसंधान शुरू करने के साथ-साथ आरोपी की खोजबीन शुरू कर दी गयी है.
इसे भी पढ़ें : डीएवी कपिलदेव के प्रिंसिपल एमके सिन्हा की गिरफ्तारी को लेकर संभावित ठिकानों पर छापेमारी




