
Bokaro/Gomia: अनुमंडल पदाधिकारी प्रेम रंजन और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आर रामकुमार के नेतृत्व में तेनुघाट उपकारा में अहले सुबह छापेमारी की गयी. छापेमारी के दौरान सभी संबंधित वार्डों की तलाशी ली गयी. बेरमो एसडीएम और एएसपी के साथ प्रभारी जेल अधीक्षक भी मौजूद थे.
छापेमारी के बाद तेनुघाट उपकारा में हड़कंप मच गया. छापेमारी में कई आपत्तिजनक सामान की भी बरामदगी हुई है. जेल में कई अनियमितताएं भी पायी गयीं. जिसकी रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को प्रेषित की जायेगी. एएसपी रामकुमार ने बताया कि जेल में छापेमारी के दौरान 2 बेल्ट, 1 मोबाइल फोन, 3 पुड़िया गांजा आदि बरामद किये गये.
इसे भी पढ़ेंः पाकिस्तान खौफ में, विदेश मंत्री कुरैशी को आशंका, 16 से 20 अप्रैल के बीच हमला करेगा भारत
बताया जा रहा है कि फिलहाल जेल में कई कुख्यात अपराधी बंद हैं. जिसे लेकर उक्त अभियान चलाया गया. हालांकि इस संबंध में बेरमो एसडीएम का कहना है कि यह रूटीन सर्वे है, जो बीच बीच में सुरक्षा की दृष्टि से चलाया जाता है.
उन्होंने जेल अधिकारियों को वार्डों की नियमित तलाशी, जेल मैनुअल का कड़ाई से पालन का निर्देश दिया. छापेमारी में एएसपी आर रामकुमार, एसडीएम प्रेम रंजन के साथ प्रभारी जेल अधीक्षक सह कार्यपालक दंडाधिकारी छवि बाला बारला, कार्यपालक दंडाधिकारी छंदा भट्टाचार्य, गोमिया अंचल पुलिस निरीक्षक राधेश्याम दास, जेलर देवनाथ राम सहित सशस्त्र बल भी शामिल थे.
इसे भी पढ़ेंः रिटायर होने के बाद भी वाहन में विभाग का नेम प्लेट लगाकर घूम रहे हैं इंजीनियर साहब




