
Ranchi : वीर बिरसा नगर, रांची में पीएम आवास योजना के लाभुकों को कई दिनों से परेशानी उठानी पड़ रही है. पूर्व सीएम रघुवर दास ने इस दिशा में पहल करते हुए नगर आय़ुक्त मुकेश कुमार से बात की. इस पर निगम की ओर से भरोसा दिलाया गया कि अगले 10 दिनों के भीतर लाभुकों को आवास मुहैया करा दिया जायेगा. रांची विधानसभा के बूथ नंबर 264 (वीर बिरसा नगर) में महानगर भाजपा द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती समारोह में रघुवर दास ने बताया कि इस परिसर में प्रधानमंत्री आवास के तहत कई फ्लैट खाली हैं.
इसे भी पढ़ें :बंपर सरकारी नौकरी : बिहार में एएनएम स्टाफ नर्स के 8853 पोस्ट के लिए करें अप्लाई
इन्हें जल्द आवंटित कराने के लिए रांची नगर निगम के प्रशासक से बात की गयी है. यहां रहनेवाले परिवारों में से पांच लोगों की टीम बनेगी, जो नगर निगम को सत्यापित करेंगे कि बचे हुए फ्लैटों पर किसे लाभ दिया जाये.
आवंटन का कार्य कुछ दिनों में कर लिया जायेगा. इसके साथ ही यहां सामुदायिक भवन, नाली बनायी जायेगी. परिसर में जन सहयोग से मंदिर भी बनाया जायेगा. कार्यक्रम में रांची विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, भाजपा रांची महानगर के अध्यक्ष केके गुप्ता समेत अन्य लोग भी उपस्थित थे.
अंत्योदय के मूल मंत्र पर काम कर रही केंद्र सरकार
रघुवर दास ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद व अंत्योदय के मूलमंत्र को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धरातल पर उतार रहे हैं. अंत्योदय के मंत्र को साकार करते समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की किरण को पहुंचाया जा रहा है. पीएम मोदी यही कार्य कर रहे हैं.
चाहे जन-धन खाते खोल कर हर गरीब को बैंकिंग सिस्टम से जोड़े जाने की पहल हुई. उज्ज्वला के माध्यम से माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाया जा रही.
प्रधानमंत्री आवास देकर हर किसी के अपने घर के सपने को पूरा करने का मौका दिया जा रहा है. हर घर में शौचालय बनवा कर महिलाओं को सम्मान की जिंदगी दी जा रही है.
इसे भी पढ़ें :Bank Holidays in October 2021: अक्टूबर में छुट्टियों की भरमार, बैंकों में होंगी 21 छुट्टियां, देखें पूरी लिस्ट
हर किसी को सस्ती दवा उपलब्ध करायी जा रही. आयुष्मान भारत के माध्यम से गरीब व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवा पहुंचायी गयी है. 70 वर्षों से बिजली की बाट जोह रहे लोगों के घर को रोशन किया जा रहा है. यह सब अंत्योदय के तहत ही किया जा रहा है.
कोरोना के दौरान गरीब कल्याण योजना के तहत 80 करोड़ लोगों को नरेंद्र मोदी ने अन्न उपलब्ध कराया है. कोरोना बीमारी जब से शुरू हुई है, तब से आज तक निर्धन वर्ग को निःशुल्क खाद्यान उपलब्ध हो रहा है.
इसकी प्रशंसा पूरी दुनिया कर रही है. हर किसी को कोरोना का टीका मुफ्त लगाया जा रहा है. हेमंत सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार आदिवासी विरोधी है. इस सरकार में सबसे ज्यादा प्रताड़ित आदिवासी व दलित ही हो रहे हैं.
इसे भी पढ़ें :छेड़खानी करनेवाले युवकों को छात्राओं ने ऐसा सबक सिखाया कि घर छोड़ कर भागने पर हुए मजबूर




