Main SliderRanchi

PWD के अभियंता घनश्याम अग्रवाल को टाउन प्लानर बनाने के लिए विभाग ने छह माह में की तीन अनुशंसा

Ranchi:  नगर विकास विभाग में सेवा दे रहे कार्यपालक अभियंता घनश्याम अग्रवाल मूल रुप से पथ निर्माण विभाग के अभियंता है. पथ निर्माण विभाग में उनकी नियुक्ति सड़क निर्माण कराने के लिये की गयी थी. यह अलग बात है कि झारखंड बनने के बाद से वह लगातार बिल्डिंग बनाने का नक्शा पास करने का काम करते रहे हैं. पहले धनबाद नगर निगम में टाउन प्लानर बनें,  फिर रांची में.

नगर विकास विभाग में उनकी हैसियत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि, पिछले छह माह के भीतर विभाग में तीसरी बार उन्हें टाउन प्लानर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है. रांची के आरआरडीए का टाउन प्लानर बनाने का प्रस्ताव अभी विभागीय मंत्री के कार्यालय में विचारार्थ है.

इसे भी पढ़ें – नगर विकास विभाग का कमाल : सड़क बनाने के लिए नियुक्त अभियंता घनश्याम अग्रवाल फिर पास करेंगे बिल्डिंग का नक्शा

कुछ अफसर चाहते हैं घनश्याम को टाउन प्लानर बनाना

जानकारी के मुताबिक, कार्यपालक अभियंता में प्रोन्नति के बाद घनश्याम अग्रवाल की सेवा नगर विकास विभाग से उनके पैतृक विभाग पथ निर्माण विभाग को सौंप दी गयी थी. करीब छह माह पहले पथ निर्माण विभाग से उनकी सेवा दोबारा नगर विकास विभाग को भेजी गई. चूंकि वह कार्यपालक अभियंता रैंक के इंजीनियर हैं,  इसलिए विभाग ने उन्हें रांची नगर निगम में कार्यपालक अभियंता के पद पर पदस्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया.

इसपर कोई निर्णय नहीं लिया जा सका. क्योंकि विभाग के ही कुछ अफसर उन्हें टाउन प्लानर बनाना चाहते हैं. तभी तो विभाग ने दूसरा प्रस्ताव तैयार किया. इस प्रस्ताव में उन्हें रांची नगर निगम में टाउन प्लानर के पद पर पदस्थापित करने की अनुशंसा की गयी. इस बार प्रस्ताव नगर विकास विभाग के सचिव और मंत्री ने सहमति भी दे दी.

इसे भी पढ़ें –  NewsWing की खबर पर हुई जांच, DK पांडेय की पत्नी की जमीन की रजिस्ट्री गलत, रद्द होगी जमाबंदी

बिना देर किये फाइल सीएम सचिवालय तक पहुंचायी गयी

जिसके बाद फाइल मुख्यमंत्री सचिवालय तक पहुंचा. मुख्यमंत्री सचिवालय के स्तर से प्रस्ताव पर आपत्ति की गयी. आपत्ति के बाद फाइल वापस विभाग को भेज दी गयी. इस तथ्य को समझा जा सकता है कि जिस अभियंता को उसके पद के अनुसार कार्यपालक अभियंता के पद पर पोस्टिंग करने की फाइल कुछ कदम ही चल पाया, उसे ही जब टाउन प्लानर बनाने का विभाग ने निर्णय लिया, तो फाइल बिना कोई विलंब किये मुख्यमंत्री सचिवालय तक पहुंच गयी.

सूत्रों ने बताया कि, जब मुख्यमंत्री सचिवालय ने रांची नगर निगम में टाउन प्लानर के पद पर पदस्थापन की फाइल वापस कर दी, तब विभाग में तीसरा प्रस्ताव तैयार किया गया. इस प्रस्ताव में विभाग ने इंजीनियर घनश्याम अग्रवाल को नगर निगम के बदले रांची आरआरडीए में टाउन प्लानर के पद पर उनकी पोस्टिंग करने की अनुशंसा की है. यह फाइल अभी विभागीय मंत्री के कार्यालय में है. जिस पर मंत्री के द्वारा निर्णय लिया जाना है.

इसे भी पढ़ें – रांची : निजी स्कूलों ने RTE के तहत एडमिशन में बरती कोताही, 938 सीट में 150 का आंकड़ा भी पार नहीं

Related Articles

Back to top button