
रांची : झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच सरकार की ओर से JPSC और JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने की घोषणा के बाद रांची सदर अस्पताल में अनशन कर रहे छात्रों का अनशन समाप्त कराया गया। सोमवार देर रात मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, इरफान अंसारी और विधायक जयराम महतो अस्पताल पहुंचे और अनशनकारियों देवेंद्र नाथ महतो, हबीबा और राहुल क्रांतिकारी को जूस पिलाया।
तीनों अनशनकारी सदर अस्पताल के ICU-HDU वार्ड में इलाजरत थे। सरकार के फैसले के बाद अस्पताल पहुंचकर जनप्रतिनिधियों ने उन्हें जूस पिलाकर अनशन खत्म कराया।
15 दिन से भूख हड़ताल पर थीं हबीबा
बोकारो के कसमार की रहने वाली हबीबा पिछले 15 दिनों से भूख हड़ताल पर थीं। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रांची सदर अस्पताल के ICU-HDU वार्ड में भर्ती कराया गया था।
सरकार द्वारा छात्रों की मांगें मानने और JPSC के साथ JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने की जानकारी मिलने के बाद हबीबा भावुक हो गईं। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में उन्होंने कहा कि उनकी आंखों से निकले आंसू दुख के नहीं, बल्कि खुशी के हैं।
मां की बात को किया याद
हबीबा ने वीडियो में बताया कि उनकी मां ने उनसे कहा था कि वह यह लड़ाई जीतकर ही घर वापस लौटें। उन्होंने कहा कि मां की इस बात ने उन्हें आंदोलन के दौरान संघर्ष जारी रखने की हिम्मत दी।
JPSC और JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने की घोषणा के बाद हबीबा ने कहा कि अब उन्हें लगा कि वह अपनी मां से किए वादे को पूरा कर घर लौट सकती हैं।
सरकार के फैसले के बाद छात्रों ने इसे अपने आंदोलन की बड़ी सफलता बताया है। हालांकि, आंदोलनकारियों के अनुसार परीक्षा प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों की जांच समेत अन्य मांगों पर आगे की रणनीति तय की जानी बाकी है।




