Main SliderNational

#पुलवामा हमला: जम्मू-कश्मीर में तेजी से बदल रहे हैं हालात, बड़ी निर्णायक कार्रवाई की संभावना

New Delhi: पुलवामा हमले के बाद से ही केंद्र सरकार बड़ी औऱ निर्णायक कार्रवाई करने की बात कह रही है. पाकिस्तान को जहां एक ओर कूटनीतिक मोरचे पर घेरने की कोशिश हो रही है वहीं आर्थिक मोरचे पर भी उसे नुकासन की हार पर लाने की कोशिश कर रही है. पिछले 24 घंटों में जम्मू कश्मीर में हालात तेजी से बदले हैं. इससे यह संभावना जतायी जा रही है कि सरकार कुछ बड़ा करने की सोच रही है. पूरी घाटी में अलगाववादी नेताओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए यासीन मलिक सहित जमात-ए-इस्लामी के लगभग दो दर्जन नेताओं को अरेस्ट किया गया है. जम्मू कश्मीर में 100 कंपनी अतिरक्त फोर्स की तैनाती की गयी है. हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कह दिया है कि हालात नाजुक हैं और भारत कुछ बड़ा करने की सोच रहा है.

पूरे कश्मीर में हाई अलर्ट  

पूरे कश्मीर को हाई अलर्ट पर रखा गया है और हाल के वर्षों की सबसे अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है. गृह मंत्रालय ने जम्मू-कश्मीर में तत्काल प्रभाव से केंद्रीय सशस्त्र पुलिस फोर्स (CAPF) की 100 अतिरिक्त कंपनियों को तैनात करने का आदेश जारी किया. इनमें 45 सीआरपीएफ, 35 बीएसएफ, 10 एसएसबी और 10 आइटीबीपी की कंपनियां शामिल हैं.

कश्मीर में तैनात सभी जवानों की छुट्टियां रद

कश्मीर में तैनात सभी जवानों की छुट्टियां रद कर दी गईं है. इसके अलावा जो सैनिक रिजर्व में रखे गये हैं उन्हें अल्प नोटिस पर कूच करने के लिए तैयार रहने को कहा गया है. रक्षा विशेषज्ञ सी उदयभास्कर ने कहा कि एक साथ 100 कंपनियों को वहां भेजना अभूतपूर्व है और ऐसा कभी कभार होता है. आमतौर पर एक कंपनी में सैनिकों की संख्या 100 से 120 तक होती है. इन्हें तुरंत कश्मीर कूच करने को कहा गया है. उन्होंने कहा कि इससे लगता है कि वहां दुर्भाग्यवश हालात उतने बेहतर नहीं हैं. पुलवामा आतंकी हमले के बाद गार्ड की भूमिका में लगे सीआरपीएफ के अलावा इस काम में बीएसएफ, आइटीबीपी को भी लगाया गया है. अधिकारियों के अनुसार चूंकि अधिकतर जवानों को लॉ एंड ऑर्डर ड्यूटी में लगाया गया है ऐसे में इसमें फेरबदल किया जा रहा है.

जरूरी सामानों का स्टॉक करने का निर्देश

जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने हालात को देखते हुए यह कहा है कि आम लोगों को किसी तरह दिक्कत नहीं हो, इसके लिए दवा और राशन का पर्याप्त स्टॉक रखा जाये. इसके लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से निर्देश जारी किये गये हैं. स्वास्थ्य विभाग ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को मुस्तैदी से जुटे रहने का निर्देश जारी किया है. साथ ही दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा है.

इसे भी पढ़ें – प्‍लेन को हाईजैक करने की धमकी, देश भर के एयरपोर्ट की सुरक्षा कड़ी

Related Articles

Back to top button