नई दिल्ली, 28 दिसम्बर | राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील ने बुधवार को संशोधित लोकपाल विधेयक को मंजूरी दे दी। इसके साथ ही इसे राज्यसभा में पेश किए जाने का मार्ग प्रशस्त हो गया। अब यह सरकार को तय करना है कि वह इस विधेयक को राज्यसभा में कब पेश करती है। संसदीय कार्य मंत्री राजीव शुक्ला के अनुसार सरकार यह बिल राज्यसभा में कल पेश करेगी.
राष्ट्रपति भवन की प्रवक्ता अर्चना दत्त ने यहां बताया कि राष्ट्रपति ने संशोधित लोकपाल विधेयक को स्वीकृति दे दी है। राष्ट्रपति इस समय हैदराबाद में हैं। मंगलवार को लोकसभा में इस विधेयक के पारित होने के बाद सरकार ने इसे राष्ट्रपति के पास भेज दिया था।
सरकार ने इससे पहले कहा था कि संशोधनों को राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के फौरन बाद इस विधेयक को राज्यसभा में पेश कर दिया जाएगा।




