
Bermo: बेरमो अनुमंडल के गोमिया एवं पलिहारी गुरुडीह पंचायत में पानी की विकराल समस्या का जल्द समाधान करने की मांग को लेकर शुक्रवार को जिप सदस्य डॉ सुरेंद्र राज की अध्यक्षता में ग्रामीणों द्वारा एक दिवसीय धरना दिया गया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से पलिहारी मुखियां सपना कुमारी एवं गोमियां मुखियां बलराम रजक मौजूद थे. इस दौरान पेयजल एवं स्वच्छता विभाग बेरमो के कार्यपालक अभियंता को एक ज्ञापन भी सौंपा गया. कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि गोमियां एवं पलिहारी गुरुडीह पंचायत में पानी की समस्या कई वर्षो से चला आ रहा है और इसके लिए बोकारो नदी में विभाग द्वारा इंटकवेल व पानी का मोटर हाउस भी बनाया गया. लेकिन वह कारगर साबित नहीं हुआ. दोनों पंचायतों में पानी की समस्या बनी रहती है. क्षेत्र के लोगों की मांग है कि उन्हें कोनार नदी से ही पाइपलाइन के द्वारा पानी सप्लाई किया जाय. इसी के मद्देनजर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रयास से करमाटांड़ के समीप कोनार नदी में इंटेकवेल व मोटर हाउस बनाने एवं पाइप लाइन दुरुस्त करने को लेकर विभाग द्वारा लगभग साढ़े चार करोड़ की लागत पर पेयजलापूर्ति हेतु एक माह पूर्व हीं टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. किन्तु अभी तक कार्य शुरू नहीं किया गया है. जिससे पानी की समस्या के समाधान हेतु कार्य नहीं हो पा रहा है. जिप सदस्य डा सुरेंद्र राज ने कहा कि अगर 15 दिनों के अंदर पेयजलापूर्ति हेतु कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीणों द्वारा चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा. मौके पर पंसस सुशीला देवी, पंसस जनकदेव यादव,रोहित यादव,ओमकिंकर स्वर्णकार,शंभू लाल, प्रकाश गंझू, सोनी साहु ,भरत स्वर्णकार, आशा देवी,बैजन्ती देवी,सुमन देवी, सुभाष नायक,शांति देवी, शीला देवी,पूनम देवी आदि उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें: झारखंड-पश्चिम बंगाल के बीच वाहन परिचालन का परमिट कोटा बढ़ेगा, अधिसूचना प्रारूप प्रकाशित




