JharkhandRanchi

चैंबर कार्यकारिणी समिति की बैठक में बालू घाटों की समस्याओं पर हुई चर्चा

Ranchi : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के मौजूदा सत्र की कार्यसमिति की बैठक गुरुवार को संपन्न हुई. एनजीटी की रोक हटने के बाद भी बालू उठाव की समस्या और अत्यधिक दर पर बालू की उपलब्धता से होनेवाली कठिनाई पर सदस्यों द्वारा चिंता जताई गयी. कहा गया कि 15 अक्टूबर से पूर्व मिलनेवाले बालू की दरों में बेतहाशा वृद्धि हुई है. जिस कारण कांट्रैक्टर, श्रमिक और निर्माण उद्योग से जुडे व्यापारियों का कार्य प्रभावित हो रहा है. आग्रह किया गया कि बालू घाटों की नीलामी होने तक खनन विभाग अन्य राज्यों से बालू आयात करने की अनुमति दे तो इस समस्या का समाधान संभव है. चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने इस मामले में विभागीय अधिकारियों से वार्ता के लिए आश्वस्त किया.

सेक्टरवाइज व्यापारियों की समस्या के समाधान के लिए उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा और राहुल साबू द्वारा संयुक्त रूप से वर्तमान सत्र के लिए कुल 52 उप समितियों का गठन भी किया गया. बैठक में कुल 27 आजीवन सदस्यता के प्राप्त आवेदनों को भी स्वीकृति दी गई. जिनमें से कुल 11 आवेदन गिरिडीह जिले से ही हैं. गिरिडीह जिले में फेडरेशन के सदस्यों की बढ़ती सदस्यता संख्या पर संतोष जताते हुए चैंबर अध्यक्ष ने अन्य जिलों में भी ऐसे प्रयासों को गति देने की बात कही. चैंबर महासचिव परेश गट्टानी ने फेडरेशन की सदस्यता संख्या में वृद्धि के लिए चरणबद्ध तरीके से प्रयासों को गति देने की बात कही. मौके पर उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, राहुल साबू, महासचिव परेश गट्टानी समेत अन्य मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें – झारखंड प्रशासनिक सेवा के कई अधिकारियों का एलआरडीसी पद पर तबादला

Related Articles

Back to top button