
Ranchi : राजधानी रांची में एक हजार स्मार्ट मीटर अपर बाजार इलाके में लगाया जा रहा हैं. जेबीवीएनएल मुख्यालय की मानें तो ये स्मार्ट मीटर जनवरी से काम करना शुरू कर देंगे. इसके साथ ही संभावना है कि 10 जनवरी से स्मार्ट मीटर प्रीपेड मीटर के रूप में काम करना शुरू कर देगा. मुख्यालय और चयनित एजेंसी इस दिशा में कार्यरत हैं. निगम मुख्यालय की ओर से मीटर लगाये जा रहे इलाकों में नेटवर्क कनेक्शन देख कर इस पर काम किया जा रहा है. जानकारी हो कि पहले चरण के तहत लगभग एक हजार स्मार्ट मीटर कुछ चिन्हित इलाकों में लगाये जा रहे हैं. यहां अपर बाजार का चयन किया गया क्योंकि नेटवर्किंग समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं.
स्मार्ट फोन सी होगी सुविधा
जेबीवीएनएल की मानें तो स्मार्ट मीटर स्मार्ट फोन की तरह काम करेगा. इसके लिए बिजली उपभोक्ता पहले मीटर रिचार्ज करेंगे, तब बिजली बिल उपभोग करेंगे. पिछले दिनों चयनित एजेंसी ने आइटी विभाग को इन इलाकों का सैंपल दिया था, जिसे जेबीवीएनएल के आइटी विभाग ने सही पाया. ऐसे में अपर बाजार के जिन इलाकों में मीटर लगाया जा रहा है, जो स्मार्ट मीटर काम कर सकेंगे. जानकारी हो कि इलाके में एक हजार स्मार्ट मीटर रिप्लेस किये जा रहे हैं. जो पायलट प्रोजेक्ट के तहत किया जा रहा है.
मैनुअल मीटर रीडिंग की आवश्यकता नहीं
बिजली बिल की सटीक जानकारी और प्रबंधन मोबाईल से होगा. उपभोक्ता मासिक विद्युत बिल को व्यवस्थित और नियंत्रित कर सकते हैं. इसकी सहायता से मीटर के वर्तमान स्थिति एवं वर्त्तमान लोड की जानकारी ली जा सकती है. वर्तमान बिल की जानकारी एवं पिछले महीनों की बिल की जानकारी भी प्राप्त होगी. मैनुअल मीटर रीडिंग की आवश्यकता नहीं रह जायेगी. प्रोजेक्ट की मानें तो सिर्फ रांची जिला में तीन लाख पचास हजार स्मार्ट मीटर बदले जाने हैं. इसमें खराब मीटरों को पहले रिप्लेस किया जायेगा. इसके बाद, अन्य उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की सुविधा दी जायेगी.
इसे भी पढ़ें – केंद्र से जल्द मिलेगी 2200 करोड़ की ग्रामीण सड़क योजना की स्वीकृति, फाइल केंद्रीय मंत्री पास



