
Giridih: पपरवाटांड स्थित पुलिस कार्यालय में रविवार को एसपी डॉ. विमल कुमार के नेतृत्व में मासिक अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में एसपी ने विभिन्न आपराधिक मामलों की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. बैठक के बाबत जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा की गयी. इस दौरान जिले के सभी थानों का परफोर्मेंस आदि को देखा गया, साथ ही सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिया गया कि वे आम जनता से बिल्कुल सरल व्यवहार बनाए.
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि थाना प्रभारी अपने सुविधा के अनुसार आमलोगों के मिलने के लिए सुबह या शाम का एक समय फिक्स कर दें. कहा कि कोई फरियादी अपनी समस्या लेकर थाना पहुंचता है तो गंभीरता से उसके समाधान की दिशा में काम करें. यदि इसमें कोई समस्या आती है तो तत्काल वरीय पदाधिकारियों को इसकी सूचना दें. कहा कि लोगों के समस्या का समाधान थाना पर ही हो. लोगों को उनके पास आने की नौबत ना आए थाना प्रभारी इसका विशेष ध्यान रखें.
एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि लोगों की समस्या का ध्यान रखते हुए वे प्रत्येक सप्ताह अलग-अलग थानों में स्वयं उपस्थित होकर जनता दरबार लगाएंगे. कहा कि इसकी सूचना पूर्व में ही लोगों को दे दी जाएगी. उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर पुलिसिंग मिले इसका ख्याल रखा जायेगा.




