
Ranchi: गोड्डा लोकसभा सीट पर कांग्रेस और जेवीएम के बीच चल रही खींचतान के बीच अब लगभग यह तय हो गया है कि प्रदीप यादव इस सीट से संयुक्त महागठबंधन के प्रत्याशी होंगे. इस संदर्भ में कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व से भी सहमति मिल गयी है. 2 मार्च को राहुल गांधी के रांची दौरे के बाद कांग्रेस और जेवीएम संयुक्त रूप से इसकी अधिकारिक घोषणा 4 या 5 मार्च को कर देंगे. यह जानकारी राज्य के एक उच्च स्तरीय नेता ने न्यूज विंग संवादादाता को दी है. हालांकि आधिकारिक घोषणा के पहले ही गोड्डा से कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी के समर्थक सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जता रहे हैं. इरफान समर्थक लगातार गोड्डा सीट कांग्रेस को दिये जाने की मांग कर रहे हैं. इनका कहना है कि ऐसा नहीं होने से क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल नीचे गिरेगा.
कांग्रेस के भी सर्वे में प्रदीप योग्य उम्मीदवार
मामले पर जेवीएम के एक नेता ने नाम न लिखने की शर्त पर बताया कि गोड़्डा संसदीय सीट को लेकर प्रदीप यादव के प्रत्याशी होने की घोषणा राहुल गांधी के दौरे बाद कर दी जाएगी. जेवीएम की तरफ से कांग्रेस आलाकमान को इस बात की जानकारी दी गयी थी कि राज्य में भाजपा को हराने के लिए महागठबंधन में एकजुटता काफी महत्वपूर्ण है. कांग्रेस ने भी गोड्ड़ा में किये सर्वे में माना है कि भाजपा को वहां से हटाने के लिए प्रदीप यादव ही एक योग्य और सक्षम प्रत्याशी है.
फुरकान अंसारी दें प्रदीप यादव को आशीर्वाद
गोड्डा विधायक इरफान अंसारी के विरोध किये जाने के सवाल पर जेवीएम के एक नेता खालिद खलील ने बताया है कि इरफान अंसारी केवल फुरकान अंसारी पर ही क्यों फोकस कर रहे हैं. जबकि उन्हें बात पूरे अल्पसंख्यक मुस्लिम समुदाय की करनी चाहिए. इरफान के बयान पर इनका कहना है कि वे एक तरह से प्रेशर पॉलिटिक्स कर रहे हैं. अभी तक गठबंधन में सीट की घोषणा नहीं हुई है. ऐसे में केवल गोड्ड़ा को लेकर ही वे क्यों इतने उतावले दिख रहे हैं. हो सकता है कि पलामू, चतरा, हजारीबाग से ही मुस्लिम समुदाय का प्रत्याशी उम्मीदवार बनाया जाए. जेवीएम महासचिव ने कहा कि बड़े भाई की भूमिका निभाते हुए फुरकान अंसारी को एक बार प्रदीप यादव को आशीर्वाद देना चाहिए.
मनोबल न गिरे, इसलिए गोड्डा कांग्रेस को मिले : समर्थक
इरफान समर्थक लगातार गोड्डा सीट कांग्रेस को दिये जाने की मांग कर रहे हैं. सोशल मीडिया में इरफान समर्थकों का कहना है कि अगर संथालपरगना में कांग्रेस को अपनी सीट बचानी है और कार्यकर्ताओं के मनोबल को गिरने से बचाना है, तो गोड्डा लोकसभा सीट कांग्रेस की देनी होगी. फुरकान अंसारी को कांग्रेस का टिकट देना होगा.
इसे भी पढ़ें – मुख्यमंत्री ने संथालपरगना के सभी रेलवे स्टेशनों पर आम सूचनाएं अब ओलचिकी लिपि में देने को रेल मंत्री को पत्र लिखा



