Bokaro

बेरमो में शाम ढलते ही सक्रिय हो जाते हैं कोयला तस्कर, हर रोज लाखों के राजस्व का लगा रहे चूना

Bermo: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल,पेंक नारायणपुर,पेटरवार थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से शाम ढ़लने के बाद से ही बाइकों द्वारा अवैध कोयला की तस्करी का कारोबार आरंभ हो जाता है. बाइकों से इन दिनों कोयला की तस्करी अलग-अलग तरीके से की जा रही है. सीसीएल के स्वांग-गोविंदपुर परियोजना के फेज दो ओपन कास्ट एवं कोयला स्टॉक के अलावा, खासमहल, जारंगडीह कोलियरी एवं जारंगडीह रेलवे साइडिंग, सोलह नंबर आदि स्थानों से बाइकों द्वारा कोयला को ले जाया जाता है.

प्रत्येक बाइक दो से तीन ट्रिप कोयला की ढ़ुलाई का कार्य करते हैं. प्रत्येक बाइकों पर 18-22 बोरा तक कोयला लदा रहता है. सीसीएल के उक्त खदानों एवं कोलियरियों से लगभग पांच सौ की संख्या में बाइकों से अवैध कोयला की तस्करी का धंधा पुलिस एवं सीसीएल के सुरक्षा कर्मियों के नाक के नीचे से प्रतिदिन हो रहा है और सभी मूकदर्शक बने हुए हैं. पुलिस एवं सुरक्षाकर्मियों की चुप्पी अपने आप में काफी कुछ कहती है. थाना क्षेत्र के गोविंदपुर, हरिजन टोला, नयी बस्ती, कंजकिरो, लुकूबाद, हथबजवा, अरमो, नदीधार, कुसूमडीह आदि से कोयला ले जाने के एवज में बाइकों से प्रत्येक माह साढ़े तीन हजार रुपये की वसूली भी की जा रही है.

कुछ बाइक कोयला सीधे बगोदर जीटी रोड पर स्थित घंघरी टोल प्लाजा के पास के आसपास ले जाकर गिराते हैं, जहां से उसे ट्रकों में लोड कर मंडियों में ले जाया जाता है. इसके अलावा पेंक नारायणपुर के बंसी, नारायणपुर, सियारी मोड़, तेतरिया टांड़, गोंदली गौरा के कोल डीपूओं में शाम ढ़लने से आधी रात्रि तक बाइकों से कोयला गिराने का काम किया जाता है. कोयला गिराने के कार्य में सैकड़ों बाइक लगे हुए हैं. बाइकों से कोयला गिराने के बाद उसे ट्रकों में लादकर रात्रि में ही घुटवाली स्थित कॉलेज के समीप से होकर डुमरी, बगोदर के रास्ते मंडियों में भेज दिया जाता है. उक्त स्थानों से प्रत्येक रात्रि सात से आठ ट्रक कोयला की तस्करी का धंधा एक दिन बीच एक दिन में किया जा रहा है. थाना क्षेत्र के बुडगड्डा एवं काछो से भी अवैध कोयला का धंधा ट्रकों द्वारा किया जाता है. इसके अलावा उपरघाट में स्थित हार्ड कोक की फैक्ट्रियों में भी रात्रि में ट्रैक्टरों से अवैध कोयला का गिराव किया जा रहा है.

हार्ड कोक के फैक्ट्री में गिरनेवाले अवैध कोयला एवं कोलियरियों से गिराये गये कोयले की जांच के बाद इसका खुलासा किया जा सकता है.जारंगडीह से छोटे वाहनों द्वारा कोयला का कारोबार जारी है. पेटरवार थाना के खेतको से पूरे वर्ष अवैध कोयला की तस्करी का धंधा सभी के संझान में रहने के बाद भी जारी रहता है और पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी मानो पूरी तरह से चुप्पी साधे बैठें रहतें हैं. उक्त तीनों थाना क्षेत्रों से जारी कोयले की तस्करी से सीसीएल को एवं सरकार को प्रतिदिन लाखों रुपये राजस्व का चूना लगाया जा रहा है.

Related Articles

Back to top button