
Dumka : सशस्त्र सीमा बल और झारखंड आर्म्ड पुलिस ने नक्सल प्रभावित काठीकुंड थाना क्षेत्र के जोड़ाआम में एक संयुक्त ऑपरेशन चला कर 100 किलोग्राम आइईडी, 77 जिंदा गोलियां और कई मैगजीन समेत नक्सल साहित्य बरामद किया. सभी बरामद आइईडी को निष्क्रिय कर दिया गया है. एसपी वाइएस रमेश ने कहा एसएसबी और दुमका पुलिस ने एक बार फिर नक्सलियों की साजिश को विफल कर दिया है.
गुप्त सूचना के आधार पर हुई बरामदगी
दुमका एसपी वाइएस रमेश ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सलियों के द्वारा भारी मात्रा में विस्फोटक छुपा कर रखा गया है. जिसके बाद पुलिस बल के जवान और एसएसबी के जवानों के द्वारा सर्च अभियान चलाया गया. इसी क्रम में विस्फोटक बरामद किया गया. दुमका पुलिस ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है.
इससे पहले भी भारी मात्रा में विस्फोटक किया गया था बरामद
इससे पहले भी 23 फरवरी को जिला बल और एसएसबी के जवानों ने छापामारी करते हुए गोपीकांदर थाना क्षेत्र के महुआगढ़ी पहाड़ पर नक्सलियों के द्वारा छिपा कर रखे 200 पीस डेटोनेटर, नक्सली पोस्टर और 17 केन बम बरामद किया है. किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए नक्सलियों ने भारी मात्रा में विस्फोटक छुपा कर रखा था जिसे पुलिस ने बरामद किया था.
इसे भी पढ़ें – मैट्रिक की परीक्षा देने जा रहे 3 छात्रों की सड़क हादसे में मौत, किसी ने नहीं पहना था हेलमेट



