
Ranchi: राजधानी रांची के कांके इलाके में बीते दिनों जमीन कारोबारी अवधेश यादव पर गोली चलवाने के आरोपी चितरंजन सिंह को पटना पुलिस कड़ी सुरक्षा में पटना के बेउर जेल से रांची लेकर आई. ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. कड़ी सुरक्षा के बीच चितरंजन को रांची सिविल कोर्ट के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी( CJM) की कोर्ट में पेश किया गया था. चितरंजन को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में होटवार जेल भेजा गया है.
जमीन कारोबार अवधेश यादव और चितरंजन सिंह पार्टनर थे. चितरंजन सिंह को बिहार पुलिस शराब रखने के आरोप में गिरफ्तार किया था. पटना के बेउर जेल में बंद चितरंजन अपने बिजनेस पार्टनर अवधेश यादव की हत्या की साजिश रची. अपने करीबी पंकज कुमार गुप्ता का सहयोग लेते हुए उसके मोबाइल से ही शूटर और पूर्व बिजनेस पार्टनर अवधेश यादव को यह मैसेज भिजवाया कि वह इस विवाद को समाप्त करने के लिए मीटिंग करना चाहता है. योजना के अनुसार 14 सितंबर को मीटिंग के बहाने बुलाकर पूर्व बिजनेस पार्टनर अवधेश यादव को गोली मरवा दी.
फायरिंग मामले में चितरंजन सिंह की पत्नी अभिलाषा देवी, पुत्र हर्ष कुमार, पंकज कुमार गुप्ता, अंकित कुमार, नवाज अख्तर, मिनहाज अली, सरफराज आलम, तोहिद अंसारी समेत 12 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. बता दे कि 14 सितंबर को कांके थाना क्षेत्र के कांके ब्लॉक ऑफिस के पास जमीन कारोबारी अवधेश यादव की गोली मारी गई थी. कांके थाना क्षेत्र के जगतपुरम कॉलोनी स्थित एक जमीन को लेकर दोनो के बीच विवाद था.




