JharkhandKhunti

ख़बरें खूंटी की: उपायुक्त ने बाइक चलाकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

KHUNTI: सड़क सुरक्षा माह अंतर्गत जिला में उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा बाइक रैली का आयोजन किया गया. रैली में शामिल होकर उपायुक्त ने स्वंय शहर में बाइक चलाकर नगर क्षेत्र में बाइक परिचालन कर सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता का संदेश दिया गया. रैली में जिले के अन्य कई अधिकारी शामिल हुए.
रैली के माध्यम से सभी खूंटी वासियों को संदेश दिया गया कि वाहन चलाते समय सड़क सुरक्षा के नियमों का विशेष ध्यान रखें. वाहन चलाते समय दूसरे वाहन चालकों, राहगीर, एवं मार्ग में चल रहे सभी लोगों का ध्यान रखें. तेज गति से या लापरवाही से वाहन का परिचालन ना करें. सही उम्र होने पर वैध लाइसेंस के साथ ही वाहन का परिचालन करें. जिला परिवहन पदाधिकारी मारूती मिंज के द्वारा बताया गया कि सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर जिला में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर सभी लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है. सड़क दुर्घटना पीड़ित व्यक्ति की समय पर सहायता कर गुड समारीटन बनने का प्रयास करें. वाहन चलाते समय हमेशा यातायात नियमों का पालन करें.

भाजपा ने सिलादोन इलाके में चलाया सदस्यता अभियान

KHUNTI: भारतीय जनता पार्टीने गुरुवार को खूंटी प्रखंड अंतर्गत सिलादोन इलाके में सदस्यता अभियान चलाया. इस अभियान का नेतृत्व खूंटी जिले के प्रभारी सत्यनारायण सिंह कर रहे थे. उन्होंने लोगों को बताया कि भाजपा के अलावा कोई राजनीतिक दल लोकतांत्रिक तरीके से हर छह साल में सदस्यता अभियान नहीं चलाती है. अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा के संविधान के मुताबिक, हर छह साल के बाद नए सिरे से सबको फिर से पार्टी का सदस्य बनाया जाता है.
जिला महामंत्री संजय साहू ने कहा कि भाजपा का सदस्यता कार्यक्रम अभियान नहीं, बल्कि संगठन महापर्व है. भाजपा यह संगठन महापर्व अन्य पर्व की तरह अपने विशाल परिवार के साथ मनाती है. इसीलिए आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है. कार्यक्रम का संचालन मंडल अभियान प्रभारी सह मिडिया प्रभारी महावीर राम ने किया. मौके पर जिला कोषाध्यक्ष प्रियांक भगत, खूंटी प्रमुख छोटूराम मुंडा, भागीरथ दादुर, बिरसा मुंडा, गौरसिंग मुंडा, अशोक मुंडा, मनी नाथ मुंडा, विश्व नाथ मुंडा, रीता मुंडा, अनीता देवी, मुंगला देवी अंजलि देवी, उषा देवी सहित अन्य उपस्थित थे.

पेसा कानून संसद द्वारा पारित है, इसे लागू करने के लिए कोई कानून राज्य सरकार नहीं बना सकती: अलेस्टेयर बोदरा

KHUNTI: झारखंड उलगुलान संघ की रणनीतिक बैठक गुरुवार को मुंडा कुंजला के देवीगुड़ी स्थल में संयोजक अलेस्टेयर बोदरा की अध्यक्षता में हुई.
क्षेत्रीय बैठक में लिये गए निर्णय को प्रस्तुत करते हुए अलेस्टेयर बोदरा ने कहा कि खूंटी जिला के सभी पारम्परिक ग्राम सभा का यह स्पष्ट कहना है कि पेसा कानून संसद द्वारा पारित कानून है, इसको लागू करने के लिए किसी तरह का कोई कानून राज्य सरकार नहीं बना सकती है. बल्कि पेसा कानून को लागू करने के लिए नियमावली तैयार करना राज्य सरकार की जिम्मेवारी है. परन्तु राज्य सरकार झारखंड पंचायत राज अधिनियम 2001 के तहत पेसा कानून लागू करने की जिद पर अड़ी हुई है. यह पारम्परिक ग्राम सभा को संवैधानिक अधिकार से वंचित कर आदिवासियों के साथ अन्याय कर रही है.
आदिवासी स्वशासन के प्रावधानों को अक्षरशः लागू करने हेतु क्षेत्रीय बैठक में 16 मार्च से 18 मार्च तक के उलगुलान की भूमि डोम्बारी बुरू से विधानसभा पैदल मार्च के आन्दोलन में सभी पारम्परिक ग्राम सभा से पूरी भागीदारी होगी. इस पैदल मार्च से झारखंड सरकार पर यह दबाव बनाया जाएगा कि पेसा कानून का अविलम्ब नियमावली निर्माण सहित खूंटी जिला में फोरलेन सड़क निर्माण से पूर्व सम्बंधित पारम्परिक ग्राम सभा संग पेसा कानून के आधार पर विधिक सहमति लेना, गांव के सामुदायिक उपयोग की भूमि पर पारम्परिक ग्राम सभा के अधिकार पर रोक लगाने वाली भूमि बैंक एवं भूमि पूल नीति को निरस्त करने, ऑनलाइन भू-दस्तावेज के त्रुटियों में सुधार आदि विषयों पर झारखंड सरकार यथाशीघ्र निर्णय ले. अन्यथा सरकार को चैन से बैठने नहीं दिया जाएगा.
बैठक में मसीहदास गुड़िया, रतन सिंह मुंडा, जोन जुरसेन गुड़िया, फूलचंद टूटी, जीवन हेमरोम, बेनेडिक्ट नवरंगी, जेवियर सांगा, डिबार मुंडा, दानिएल हस्सा एवं मरसल हंस आदि मुख्य रूप से शामिल थे.

जिले में कुष्ठ रोग खोज अभियान का हुआ शुभारंभ, 13 फरवरी तक चलेगा अभियान

KHUNTI: विश्व कुष्ठ दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा बापू की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि के साथ जिले में कुष्ठ रोग जागरुकता सह खोज अभियान का शुभारंभ हुआ. अभियान 13 फरवरी तक चलेगा. जिले के प्रत्येक गांवों में स्वास्थ्य सहिया और एएनएम के माध्यम से ग्राम सभा का आयोजन कर लोगों को कुष्ठ का इलाज के प्रति जागरुक किया जाएगा, ताकि यथाशीघ्र कुष्ठ के रोगियों की खोज कर इलाज किया जा सके और उन्हें विकलांगता से बचाया जा सके. कुष्ठ रोग जागरुकता सह खोज अभियान के सफल संचालन हेतु 225 टीम जिले के 225 ग्राम में जाकर कुष्ठ रोगियों की खोज करेगी.
मौके पर सिविल सर्जन डॉक्टर एन मांझी ने बताया कि कुष्ठ न अभिशाप और ना ही वंशानुगत रोग है. जल्द जांच और ईलाज से कुष्ठ से निजात मिल जाता है. उन्होंने कुष्ठ के लक्षणों की चर्चा करते हुए बताया कि चमडा के रंग से हल्का अथवा फीके रंग अथवा लालिमा लिए हुए छोटा या बड़ा दाग का होना, दाग में सूनापन तथा दाग में दर्द अथवा खुजलाहट नहीं होना, कान, चेहरा, धड़, हाथ अथवा पैर के चमड़ा का मोटा होना, चमड़े का रंग लाल हो अथवा चमडे में छोटा-छोटा गांठ निकल जाना, हाथ अथवा पैर में कमजोरी या विकृति पैदा होना, हाथ के तलहथी अथवा पैर के तलवा में धाव का होना, आंखो की पलकों में कमजोरी के कारण आंख पूरी तरह बंद नहीं हो सकना कुष्ठ रोग के लक्षण हैं. उन्होंने कहा कि एमडीटी के सारे खुराक का सेवन नियमित रूप से किया जाए तो यह पूर्णतः ठीक हो सकता है. उपचार एवं इसकी दवा (एमडीटी) सभी सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों में मुफ्त दिया जाता है.
मौके पर डॉ नमिता टोप्पो, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी, रंजित कुमार, बीरसिंह पूर्ति, शशि भूषण हेमरोम सहित अन्य कर्मी मौजूद थे.

उपायुक्त ने दी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि

KHUNTI: उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि (शहीद दिवस) के अवसर पर समाहरणालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बापू की तस्वीर पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की. उपायुक्त ने कहा कि अहिंसा के पूजारी बापू के योगदान को संपूर्ण राष्ट्र सदैव याद रखेगा. उनका जीवन सत्य, अहिंसा और प्रेम का प्रतीक था. उन्होंने न केवल भारत को स्वतंत्रता दिलाने में अहम भूमिका निभाई, बल्कि पूरी दुनिया को शांति और मानवता का संदेश दिया. आज उनकी शिक्षाएं हमें सत्य के मार्ग पर चलने और समाज में सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देती हैं.
शहीद दिवस के अवसर पर उपायुक्त ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण उन्हें श्रद्धांजलि दी.

झामुमो ने दी बापू को श्रद्धांजलि

झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं ने गुरुवार को दतिया पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धा सुमन अर्पित किया. इस दौरान विधायक राम सूर्या मुंडा समेत झामुमो के अन्य नेताओं ने दतिया चौक पर स्थापित बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. मौके पर विधायक ने बापू की जीवनी पर प्रकाश डाला और कार्यकर्ताओं से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया. श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में झामुमो के केंद्रीय सदस्य मदन मंजीत तिड़ू, मकसूद अंसारी, हेमन्त तोपनो, विरेंद्र सिंह, प्रकाश मुंडा, असगरी खातुन, पुनम बारला, शमीम अंसारी, डेविड हमसोय, कमलेश महतो, विरेंद्र सिंह, समीम अंसारी, अभिमन्यु, बसन्त, शंकर सिंह मुंडा, राजेन, विमल पहान आदि के नाम शामिल हैं.

Related Articles

Back to top button