
Ranchi: रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोकारो के चंदनकियारी और गुमला में चुनावी जनसभा संबोधित करने के बाद देर शाम रांची पहुंचे. रांची में उन्होंने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रांची, हटिया, कांके और खिजरी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो किया. पीएम का रोड शो रातू रोड स्थित ओसीसी मैदान से शुरू हुआ. करीब 3 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर रोड शो न्यू मार्केट चौराहे पर खत्म हुआ. पीएम के मेगा रोड शो में जन सैलाब उमड़ा. सड़क के दोनों ओर हजारों की संख्या में लोग मोदी को देखने के लिए खड़े थे. भीड़ आतुर और उत्साह से भरी हुई थी. सड़क किनारे खड़े लोग मोदी_मोदी का नारा लगा रहे थे. जय श्री राम का भी खूब नारा लगा. मोदी जी को जय श्री राम की भी गूंज सुनाई दी.

रोड शो के दौरान मोदी पर पुष्प वर्षा की गई. हजारों लोग घरों के छत पर खड़े होकर मोदी का अभिवादन कर रहे थे. मोदी भी भीड़ से गदगद दिखे और उन्होंने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया. रोड शो के दौरान मोदी अपने हाथ में कमल निशान का टॉर्च लिए हुए थे. मोदी के दाहिनी ओर रांची से भाजपा प्रत्याशी सीपी सिंह और बाएं हटिया प्रत्याशी नवीन जायसवाल खड़े थे. मोदी के पीछे रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी थे. सीपी सिंह और नवीन जायसवाल भी हाथ में कमल निशान का टॉर्च लिए हुए चल रहे थे.

रोड शो में शामिल लोगों में भारी उत्साह देखा गया. 3 बजे से ही लोग रातू रोड में जमा होने लगे थे. 3 किलोमीटर लंबा रोड शो के दौरान लोगों की भीड़ उमड़ी. लोग खूब नारे लगा रहे थे. भीड़ में महिलाओं और युवाओं की संख्या भी बहुत अधिक थी. सभी उत्साहित थे. रातू रोड में पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने रोड शो किया. रांची के सभी क्षेत्र के साथ-साथ आसपास से भी बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.




