
Guwahati: असम में बाढ़ का कहर जारी है. पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण राज्य की कई नदियां उफान पर है. राज्य के 23 जिलों में लगभग 9.3 लाख लोग प्रभावित हुए हैं. बाढ़ की वजह से दो और लोगों की जान चली गई. इस साल बाढ़ के कारण जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 18 हो गई है. राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने यह जानकारी दी है.
एएसडीएमए की डेली बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार, बाढ़ के कारण धेमाजी जिले के जोनाई क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि उदलगुरी जिले में एक अन्य व्यक्ति की मौत हुई है. दो और मौतों के साथ, इस साल बाढ़ के कारण जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 18 हो गई है.
इसे भी पढ़ेंःCoronaUpdate: 24 घंटे में 19 हजार से अधिक केस, देश में संक्रमितों का आंकड़ा साढ़े पांच लाख के करीब
23 जिलों में बाढ़ का कहर
एएसडीएमए ने कहा कि धेमाजी, लखीमपुर, बिश्वनाथ, उदलगुरी, दर्रांग, नलबारी, बारपेटा, बोंगाईगांव, कोकराझार, धुबरी, दक्षिण सलमारा, गोलपाड़ा, कामरूप, मोरीगांव, होजई, नौगांव, गोलाघाट, जोरहाट, माजुली, शिवसागर, डिब्रूगढ़, तिनसुकिया और पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिलों में बाढ़ के कारण 9.26 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं.
बुलेटिन में कहा गया कि एसडीआरएफ, जिला प्रशासन, नागरिक सुरक्षा और अंतर्देशीय जल परिवहन विभागों ने पांच जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान 9,303 लोगों को निकाला है. मूसलाधार बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं. लोगों के जानमाल और खेती की जमीन को गंभीर खतरा पैदा हो गया है.
इसे भी पढ़ेंः जम्मू-कश्मीरः अनंतनाग में लश्कर का कमांडर मसूद समेत तीन आतंकवादी ढेर
भूस्खलन से एक की मौत
असम की राजधानी गुवाहाटी में भूस्खलन की दो घटनाएं हुई, जिसमें एक छात्रा की मौत हो गयी. पहली घटना राजभवन के पास हुई, जिसमें प्रियंका बोरो नामक छात्रा की मौत हो गई. अधिकारियों ने बताया कि कॉलेज छात्रा अपने घर के बाहर थी तभी उनके ऊपर भूभाग का बड़ा हिस्सा आकर गिर पड़ा और वह उसमें दब गई और उसकी मौत हो गई. घटना के बाद प्रशासन ने खतरे वाले इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा.
भूस्खलन की दूसरी घटना गीता नगर इलाके में हुई है. इसमें एक सड़क और एक घर क्षतिग्रस्त हो गया. लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल को फोन कर राज्य को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है.
इसे भी पढ़ेंःरामगढ़: प्रवासी मजदूरों को लेकर बंगाल जा रही बस पलटी,एक की मौत, कई घायल




