
Chaibasa : चाईबासा पुलिस टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान गुप्त सूचना पर जिले के टेबो थाना क्षेत्र के बोबोंगा गांव के पहाड़ी ईलाके से पीएलएफआई का एरिया कमांडर सुखराम सांडी पूर्ति उर्फ हरसिंह सांडी उर्फ मोदी को गिरफ्तार किया है. सुखराम पूर्ति मूलरूप से पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगाव थाना क्षेत्र के लादाउली गांव का रहने वाला है. गिरफ्तारी के बाद सुखराम से पूछताछ की जा रही है.
दो दर्जन से ज्यादा मामले हैं दर्ज
सुखराम के बारे में बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ दो दर्जन से ज्यादा मामले सिर्फ पश्चिमी सिंहभूम जिले में ही दर्ज हैं. वह मुख्य रूप से जिले के झरझरा, टोकलो, बंदगांव, कराईकेला, टेबो थाना क्षेत्रों में सक्रिय था. सुखराम पांच साल पहले ही पीएलएफआई संगठन से जुड़ा था. संगठन से जुड़ने के बाद वह काफी सक्रिय था. कम समय में ही उसने अपनी अलग पहचान बनाई थी. पुलिस के लिए भी वह सिरदर्द बना हुआ था.
पुलिस के साथ दो बार हुई थी मुठभेड
सुखराम की और पुलिस बल के साथ इसके पहले दो बार मुठभेड़ भी हुई थी. दोनों बार वह बच गया था. 8 जनवरी 2021 को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में वह बाइक से फरार होने में सफल रहा था. तब सीआरपीएफ 60 बटालियन की ओर से इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था.
लेवी वसूलने का करता था काम
पीएलएफआई का एरिया कमांडर सुखराम पूर्ति मुख्य रूप से लेवी और रंगदारी वसूलने का काम करता था. वह झरझरा, टोकलो, बंदगांव, कराईकेला, टेबो, चक्रधरपुर का ईलाका संभालता था. सड़क कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार और ईंट-भट्ठा मालिकों से लेवी वसूलता था. रंगदारी नहीं मिलने पर वह वाहनों को भी जलाने का काम करता था.
इसे भी पढ़ें-रांची में भाजपा नेता की हत्या का मामला, रेकी करने वाला युवक पुलिस की गिरफ्त में, पीएलएफआई के शूटर की संलिप्तता




