BiharNEWS

पटना: मेडिकल कॉलेज में एडमिशन कराने के नाम पर ठगी, छात्रों को लगाया 35 करोड़ का चूना

Patna:  राजधानी के बोरिंग रोड स्थित जीबी मॉल के चौथे तल्ले पर किराए के कमरे में करियर काउंसिलिंग के नाम से सेंटर खोला गया था. कहने को तो यहां से छात्रों को देश के बड़े-बड़े मेडिकल कॉलेज में एडमिशन दिलाने के दावे किए जाते थे. लेकिन इनका मुख्य मकसद छात्रों से एडमिशन के नाम पर पैसे ऐंठना था.

इस करियर काउंसलिंग सेंटर से देश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में एनआरआई कोटे से एडमिशन कराने का झांसा देकर शातिरों ने 30 से 35 करोड़ रुपये की ठगी कर ली. पटना, भागलपुर, दरभंगा, रांची जैसे शहरों के 100 से अधिक छात्रों से यह ठगी की गई है. ठगी के इस मामले में एसकेपुरी थाने में केस दर्ज कराया गया है.

इसे भी पढ़ें: पटना: मेडिकल कॉलेज में एडमिशन कराने के नाम पर ठगी, छात्रों को लगाया 35 करोड़ का चूना

यही नहीं पैसा लेने के बाद छात्रों को दाखिले से संबंधित फर्जी लेटर भी थमा दिया गया, लेकिन जब छात्र संबंधित कॉलेजों में दाखिला लेने गए तब उन्हें पता चला कि लेटर फर्जी है. ऐसे में दफ्तर बंद कर शातिर भाग गए.

इस मामले में ठगी के शिकार छात्रों की ओर से संस्थान के निदेशक उज्ज्वल सिंह, ब्रांच हेड शुभम कुमार, अर्णव सिंह, काउंसलर कुंदन कुमार, हीरालाल, खुशबू कुमारी व रंजन कुमार के खिलाफ एसकेपुरी थाने में नामजद केस दर्ज कराया गया है. पुलिस केस दर्ज कर मामले की तलाश में जुट गई है.

ठगी का शिकार जक्कनपुर निवासी संगीता कुमारी, दानापुर आरपीएस मोड़ निवासी सुलेखा चौबे व दरभंगा निवसी विकास कुमार, रोहतास निवासी श्याम बिहारी सिंह, भागलपुर निवासी कंचन कुमारी, रांची निवासी राजेश सिन्हा, औरंगाबाद निवासी सुधी रंजन आदि ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.

Related Articles

Back to top button