
Palamu: पलामू जिले में पिछले कई घंटे से रुक-रुक कर बारिश हो रही है. बारिश के कारण कोयल सहित अन्य छोटी बड़ी नदियां और तालाबों में तेजी से जलभराव हो रहा है. ऐसे में इन जलस्रोतों में उतरना खतरे से खाली नहीं. बुधवार को तालाब में उतर कर नहा रहे तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गयी. सभी एक ही परिवार के थे. घटना के बाद बच्चों के परिवार में कोहराम मच गया है.
इसे भी पढ़ें – हम सब खो चुके हैं, सुप्रीम कोर्ट जायेंगे, लड़ाई जारी रखेंगे: शाह फैसल
कहां हुई घटना?
पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरहट पंचायत के रइया गांव में नहाने के दौरान तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गयी. सूचना मिलने पर रामगढ़ पुलिस मौके पर रवाना हो गयी है. थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस को मौके पर रवाना किया गया है.
बकरी चराने गये थे तीनों भाई
रईया गांव से एक ही परिवार के तीन बच्चे बुधवार की पूर्वाह्न में घर से बकरी चराने के लिए गये हुए थे. दोपहर में उनके साथ गयी सारी बकरियां चर कर घर वापस आ गयीं, लेकिन एक भी बच्चा घर नहीं लौटा. परिजनों ने कुछ शक हुआ तो उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन दोपहर बाद तक कुछ पता नहीं चला.
इसे भी पढ़ें – मनरेगा योजना में गरीबों का आठ माह से 8972.93 लाख रुपया बकाया, दे नहीं रही झारखंड सरकार
बकरी चराने जिस दिशा में गये थे, उस क्षेत्र में की खोजबीन
गांव में जब बच्चों का कोई अता-पता नहीं चला तो परिजनों ने उस दिशा में तलाश सुरू की जिस दिशा में बच्चे बकरी चराने गये थे. रइया गांव से सटे दिनाबार गांव में पहुंचने पर पास के बड़ा तालाब के किनारे तीनों बच्चे के कपड़े और चप्पल मिले. आशंका होने पर मछली पकड़नेवाले जाल से बच्चों की तालाब में तलाश की गयी.
एक-एक करके सारे बच्चों के शव मिले
जाल लगाने पर एक-एक करके तीनों बच्चों के शव बरामद हुए. बच्चों की पहचान मजीद अंसारी के 12 वर्षीय पुत्र तस्लीम अंसारी, इस्लाम अंसारी के 8 वर्षीय पुत्र सोहेल अंसारी और इदरीश अंसारी के छह वर्षीय पुत्र कैफ राजा अंसारी के रूप में हुई है. तीनों के पिता आपस में सगे भाई हैं. घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.
इसे भी पढ़ें – राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल कश्मीरियों के साथ शोपियां की गलियों में घूम रहे हैं



