
Ramgarh: हजारीबाग सांसद सह अध्यक्ष वित्त सम्बन्धी संसदीय स्थायी समिति जयंत सिन्हा ने 10 सितंबर को हजारीबाग, केरेडारी प्रखंड व पिपरवार मंडल का दौरा किया. वे यहां विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए. जयंत सिन्हा ने केरेडारी प्रखंड स्थित कराली में सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. पीएम ग्राम सड़क योजना के तहत ₹26.53 करोड़ से केरेडारी से बुंडू, कोरले होते हुए लगभग 24 किमी लंबी इस सड़क का निर्माण होगा. इसके आलावा जयंत सिन्हा ने पिपरवार मंडल की पंचायत बन्हे में हिंगवाही पुल, ग्राम वारावाल में वारावल नाला पर उच्च स्तरीय पुल व पंचायत हफुवा में हफुवा नाला पर पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. 24 मीटर से लम्बे इन पुलों का लगभग ₹3 करोड़ की लागत से निर्माण किया जायेगा.

बाद में सांसद जयंत सिन्हा ने केरेडारी प्रखंड में हिंगवासी आदिवासी टोला के सदस्यों से मुलाकात की. इस आदिवासी मोहल्ले में 10 से 12 परिवार रहते हैं. जयंत सिन्हा ने कहा कि इन तक हम हर बुनियादी सुविधा पहुंचाएंगे. यहां पीसीसी पथ का निर्माण करवाएंगे और बिजली व सोलर पैनल की व्यवस्था होगी साथ ही यहां डीपबोरिंग करवाकर इनके घरों तक शुद्ध जल पहुंचवाएंगे. यह मोदी सरकार है जो पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचा रही है. इसके साथ ही उन्होंने हफुवा पंचायत व बुंडू पंचायत में जनसंवाद कर जनता की समस्याओं के निवारण के लिए अधिकारीयों को दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जनता को कोई असुविधा न हो, इसके लिए मैं सदैव प्रयासरत रहता हूँ. जनता के सहयोग से हम क्षेत्र के बहुमुखी विकास के लिए कार्यरत हैं.

जयंत सिन्हा ने केरेडारी प्रखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवासों का निरीक्षण कर लाभुकों से संवाद किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में हर जरूरतमंद के लिए मोदी सरकार आवास मुहैया करवा रही है. यह मोदी जी और कमल का कमाल है। ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री जी और अपने सांसद के प्रति आभार प्रकट किया. इन कार्यक्रमों के अलावा वे हजारीबाग स्थित प्रधान कैफेटेरिया में अटल सांस्कृतिक मंच के तत्वाधान में आयोजित सांसद सांस्कृतिक महोत्सव में भी शामिल हुए. इसमें उन्होंने विद्यार्थियों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया. उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह हमारे बच्चों के लिए यह बेहद मनोरंजक व ज्ञानवर्धक कार्यक्रम है.




