
Palamu : पलामू जिले के विश्रामपुर पुलिस अनुमंडल क्षेत्र के केतात में बुधवार को दिनदहाड़े एक कस्टमर सर्विस प्वाइंट (सीएसपी) से लाखों रूपये की लूट हो गयी. एनएच-39 के किनारे हुई इस घटना से लोगों में हड़कंप मच गया है.
जिले के पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है, लेकिन इसकी जांच और पुख्ता पुष्टि के लिए विश्रामपुर एसडीपीओ सुरजीत कुमार को मौके पर भेजा गया है. जांच के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पायेगी. विश्रामपुर एसडीपीओ सुरजीत कुमार ने कहा कि दो तरह के मामले सामने आ रहे हैं. लूट और रुपये गिर जाने की जानकारी मिली है. जांच के बाद ही पूरी तरह पुष्ट जानकारी दी जायेगी.
इसे भी पढ़ें – चतराः पुलिस के लिए सरदर्द बने दिलचंद गंझू को कुन्दा पुलिस ने किया गिरफ्तार
हथियार के बल पर लूटा
बताया जाता है कि रेहला एसबीआइ के केतात सीएसपी से 2 लाख 40 हजार रुपये की लूट हुई है. तीन हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े घटना को अंजाम दिया. बुधवार लगभग 11 बजे यह घटना हुई. रेहला थाना क्षेत्र के केतात पंचायत सचिवालय में एसबीआइ का सीएसपी संचालित है. सीएसपी संचालक संतोष तिवारी एसबीआइ की रेहला शाखा से 2 लाख 40 हजार रुपये लेकर जैसे ही केतात स्थित सीएसपी पहुंचे, तीन हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें घेर लिया. हथियार के बल पर उनसे रुपये से भरा थैला छीन कर मोटरसाइकल से फरार हो गये.
सीएसपी संचालक संतोष तिवारी ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गयी. रेहला थाना प्रभारी लालाजी यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने सीएसपी संचालक संतोष तिवारी से मामले की पूरी जानकारी ली. श्री यादव ने कहा कि पुलिस सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही है. जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.
इसे भी पढ़ें –बिहार चुनाव : राहुल का मोदी पर वार, पंजाब में दशहरे पर मोदी, अंबानी, अडाणी के पुतले क्यों जले?



