
Palamu: लोकसभा के चौथे चरण के तहत पलामू, चतरा और लोहरदगा सीट पर 29 अप्रैल को वोटिंग होगी. इससे पहले नक्सली अपनी उपस्थिति लगातार दर्ज करा रहे हैं. बिहार से सटे पलामू संसदीय क्षेत्र में नक्सली लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर चुनाव कार्य में खलल डालने में लगे हुए हैं. गुरुवार की रात बिहार सीमा से सटे हरिहरगंज थाना क्षेत्र में भाजपा कार्यालय को उड़ाने के बाद चतरा में एक ग्रामीण की पुलिस मुखबिरी के आरोप में हत्या कर दी. इस घटना के बाद कुछ ही घंटे बीते थे कि पांकी-बालूमाथ मार्ग पर नक्सलियों ने मतदानकर्मियों को उड़ाने की साजिश रची. हालांकि घटना से पहले ही पुलिस ने पुलिया के नीचे लगे दो शक्तिशाली लैंड माइंस को बरामद कर लिया.
इसे भी पढ़ें – प्रचार वार में जेएमएम पिछड़ा, लोकसभा चुनाव नतीजा ही तय करेगा हेमंत का राजनीतिक भविष्य
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पांकी के थाना प्रभारी प्रकाश यादव ने बताया कि सुबह में गुप्त सूचना मिली थी कि पांकी-बालूमाथ मार्ग पर घोर नक्सल प्रभावित जोतांग गांव में पुलिया के नीचे लैंड माइंस लगाया गया है. इस मार्ग से मतदानकर्मियों को गुजरना था. सूचना मिलते ही जिला पुलिस, सैफ और जैप 8 के जवानों के साथ मौके पर पहुंची. सूचना मिलने पर लेस्लीगंज के एसडीपीओ अनुप बड़ाइक भी पहुंच गये. सर्च करने पर पांकी मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर और घोर नक्सल प्रभावित जोतांग गांव में पुलिया के नीचे से दो शक्तिशाली लैंड माइंस (केन बम) बरामद किया गया.
इसे भी पढ़ें – चौथा चरणः झारखंड की तीन सीटों पर थमा प्रचार का शोर, 29 को होगा मतदान
बीडीडीएस की टीम ने किया नष्ट
एसडीपीओ ने बताया कि बम मिलने के बाद तत्काल इसकी सूचना बम निरोधक दस्ता को दी गयी. दस्ता में शामिल पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बम को पुलिया से सुरक्षित निकाल कर नष्ट किया. उन्होंने कहा कि बरामद लैंड माइंस काफी शक्तिशाली था. उससे भारी नुकसान की आशंका थी. जोतांग का इलाका नक्सल प्रभावित रहा है. पूरे इलाके में सुरक्षा और सर्च अभियान तेज कर दिया गया है. नक्सलियों के किसी मंसूबे को कामयाब नहीं होने दिया जायेगा.
इसे भी पढ़ें – राहुल गांधी ने रायबरेली में चौकीदार चोर है … के नारे लगवाये, कहा- नोटबंदी जैसी बेवकूफी किसी ने नहीं की



