
Giridih : सरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह सरिया- कोयरीडीह पथ के सोनासोत नदी के समीप बाइक सवार दो युवक सड़क दुर्घटना के शिकार हो गए. घटना में मौके पर ही दोनों बाइक सवार युवकों की मौत हो गई. मृतक सरिया के कंचनपुर निवासी द्वारिका पासवान का 25 वर्षीय पुत्र रोहित पासवान और धनवार थाना क्षेत्र के राजोडीह निवासी नाथो पासवान का 35 वर्षीय पुत्र मोहन पासवान था. दोनों रिश्ते में फुफेरे भाई थे.
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह लगभग 9 बजे रोहित पासवान अपने फुफेरा भाई मोहन पासवान के साथ बाइक से सरिया के लिए निकला था. इसी बीच सोनासोत नदी के समीप बाइक समेत दोनों युवक सड़क के किनारे असंतुलित होकर गड्ढे में गिर गए. सड़क किनारे झाड़ियों के बीच गिरे होने के कारण लोगों की नजर नहीं जा सकी और मौके पर ही दोनों की मौत हो गई. काफी देर बाद राहगीरों की नजर गड्ढे में गिरे लोगों पर पड़ी तो इसकी सूचना सरिया पुलिस को दी गई. सूचना पर दोपहर लगभग 2 बजे सरिया पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शव व वाहन को जब्त कर सरिया थाना ले आई. घटना को लेकर सरिया थाना प्रभारी आलोक कुमार ने कहा कि मृतक के शव को अंत्य परीक्षण के लिए बगोदर भेज दिया गया है.



