
Palamu: भ्रष्टाचार के मामलों में एंटी करप्शन ब्यूरो की ओर से की जा रही कार्रवाई में गुरुवार को एक मुखिया के पति और उसके बेटे को गिरफ्तार किया गया.
दोनों 14वें वित्त योजना के तहत ईंट सोलिंग पथ निर्माण में भुगतान के लिए चेक पर हस्ताक्षर के एवज में 10 हजार रुपये घूस ले रहे थे.
दोनों को छतरपुर के नासो से गिरफ्तार करने के बाद मेदिनीनगर लाया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया जायेगा.
इसे भी पढ़ें – आरक्षण की वजह से 6ठी जेपीएससी में हुआ विवाद, उसी पेंच में फंसी 7वीं, 8वीं और 9वीं जेपीएससी परीक्षा
इस वर्ष का तीसरा ट्रैप
एसीबी के पलामू पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुखिया के पति और उसके बेटे को गिरफ्तार करने के साथ इस वर्ष का तीसरा ट्रैप पूरा किया गया. उन्होंने बताया कि छतरपुर के मड़वा पंचायत क्षेत्र में 14वें वित्त योजना के तहत ईंट सोलिंग पथ का निर्माण किया गया था.
गांव के अनिल कुमार यादव कार्य पूर्ण कर चुके थे. इस योजना में बिल के अनुसार 88 हजार रुपया बकाया था. लगभग तीन साल से मुखिया यशोदा देवी एवं उनके पति अशोक यादव (दोनों ग्राम नासों) द्वारा चेक नहीं दिया जा रहा था.
कई बार चेक मांगने पर मुखिया और उसके पति 10 हजार रुपया घूस मांग रहे थे. मुखिया एवं उसके पति द्वारा बोला जाता था कि पीसी नहीं दोगे तो चेक पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे.
इसे भी पढ़ें – पूर्व मंत्री अमर बाउरी ने 19 जूनियर CI को प्रमोशन देकर बनाया CO-ASO, अब विभाग हेमंत के पास क्या होगी कार्रवाई?
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
एसीबी एसपी ने बताया कि इस बात से परेशान अनिल कुमार यादव ने शिकायत दर्ज करायी थी. आवेदन के तथ्यों के संबंध में सत्यापन किया गया. सही पाते हुए परिवादी के लिखित आवेदन एवं सत्यापनकर्ता के सत्यापन प्रतिवेदन के आधार पर भ्र.नि.ब्यूरो, पलामू थाना कांड संख्या-03/2020 दिनांक 26.02.2020 पंजीकृत कर कार्रवाई की गयी.
अनुसंधान के दौरान धावादल के सहयोग से प्राथमिकी अभियुक्त अशोक यादव (उम्र 38 वर्ष) और उसके बेटे राजू रंजन को नासो-गुलाबझरी में अनिल कुमार यादव से 10 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया.
इसे भी पढ़ें – राज्य में विपक्ष है क्या? बीजेपी चाहे तो सत्ता पक्ष के साथ आ सकती है : हेमंत सोरेन



