
- सरकार द्वारा बुलायी गयी सर्वदलीय बैठक का बीजेपी ने किया बहिष्कार
- सुदेश महतो ने कहा-सदन में विपक्ष की भूमिका में रहेगी आजसू
Ranchi : 28 फरवरी से शुरू हो रहे बजट सत्र के एक दिन पहले गुरूवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में नये विधानसभा भवन में विधायक दल के नेताओं/प्रतिनिधियों की बैठक बुलायी गयी.
बैठक में हेमंत सोरेन के अलावा विधानसभा अध्य़क्ष रवींद्र नाथ महतो, सत्ता पक्ष के मंत्री आलमगीर आलम, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और बेरमो विधायक राजेंद्र सिंह, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, निर्दलीय विधायक सरयू राय, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो जैसे नेता उपस्थित थे.
बैठक में विपक्ष (बीजेपी) के किसी नेता के शामिल नहीं होने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में विपक्ष है क्या? उन्होंने कहा कि अब बीजेपी वाले खुद ही अपने आपको विपक्ष नहीं मान रहे है, तो उसमें वे क्या कर सकते है. हम चाहेंगे कि वे विपक्ष छोड़कर सत्ता पक्ष के साथ आ जायें.
इससे पहले मुख्यमंत्री जैसे ही विधानसभा भवन पहुंचे, उन्होंने सीढ़ी को हाथ जोड़ कर प्रणाम किया. उन्होंने कहा कि नये विधानसभा भवन में किसी सत्र की पहली बैठक बुलायी है. विधानसभा अध्यक्ष के नेतृत्व में गठबंधन सरकार सत्र को सही तरीके से चलाने का काम करेगी.
इसे भी पढ़ें : पूर्व मंत्री अमर बाउरी ने 19 जूनियर CI को प्रमोशन देकर बनाया CO-ASO, अब विभाग हेमंत के पास क्या होगी कार्रवाई?
बीजेपी की राजनीति जनता को दिग्भ्रमित करने वाली
दो सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव में बीजेपी के एक सीट के दावे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी वालों का राजनीति करने का तरीका केवल लोगों का दिग्रभ्रमित करने का है. इसपर वे ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते है.
चुनाव पर आलमगीर आलम ने कहा कि बीजेपी को यह बात अगले कुछ माह में पता चला जायेगी. बजट सत्र के दौरान बीजेपी के साथ टकराव को लेकर हेमंत ने कहा कि यह विधानसभा का विषय है.
इसपर विधानसभा अध्यक्ष नजर बना कर रखें. बैठक में नहीं आने को लेकर मुख्यमंत्री ने बीजेपी नेताओं को यहां तक कह दिया कि सदन में स्वस्थ परम्परा बना कर रखना चाहिए.
हेमंत ने किया विधानसभा भवन का अवलोकन
सर्वदलीय बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने अपने साथ उपस्थित सभी नेताओं के साथ नये विधानसभा भवन का अवलोकन किया. सबसे पहले वे उपस्थित सभी नेताओं के साथ अपने कक्ष पहुंचे.
वहां मीडिया से मजाक करते हुए कहा कि अच्छा तो उनका कमरा (मुख्यमंत्री का कक्ष) यहीं है. इसके बाद वे सदन पहुंच कर अपने निर्धारित स्थान पर बैठे. वहां उन्होंने माइक की जांच की और उसपर वे कुछ बोले भी.
इसे भी पढ़ें : आरक्षण की वजह से 6ठी जेपीएससी में हुआ विवाद, उसी पेंच में फंसी 7वीं, 8वीं और 9वीं जेपीएससी परीक्षा
विपक्ष की भूमिका में बैठेगी आजसू : सुदेश महतो
बजट सत्र के नये विधानसभा भवन में होने पर खुशी जताते हुए आजसू सुप्रीमो ने कहा कि यह राज्य के लिए गौरव की बात है.
उन्होंने कहा मुख्यमंत्री के विपक्ष नहीं होने के सवाल पर कहा कि आजसू विपक्ष की भूमिका में ही सदन में उपस्थित रहेगी. उनकी पार्टी विपक्ष में रहते हुए जनता के सरोकार के मुद्दे को प्रमुखता से उठायेगी.
बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी को विपक्षी दल के नेता के रूप में आमंत्रण नहीं भेजकर सीपी सिंह को पत्र लिखे जाने को लेकर सुदेश महतो ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के पास मामला विचाराधीन है. वे ही इसपर उचित निर्णय लेंगे.
बाबूलाल मरांडी को आमंत्रण नहीं देने से नाराज बीजेपी ने किया बैठक का बहिष्कार
बजट सत्र से पहले होने वाली सर्वदलीय बैठक का मुख्य विपक्षी पार्टी बीजेपी ने बहिष्कार किया है. बाबूलाल मरांडी को पार्टी विधायक दल के नेता के तौर पर बैठक में आमंत्रित नहीं करने की वजह से यह निर्णय लिया है.
सर्वदलीय बैठक में रांची के विधायक सीपी सिंह को आमंत्रित किया गया है. बीजेपी का कहना है कि बाबूलाल मरांडी को पार्टी ने विधायक दल का नेता चुना है और उन्हें ही सर्वदलीय बैठक में बुलाया जाना चाहिए था.
लेकिन, ऐसा नहीं हुआ. इसलिए पार्टी का कोई भी प्रतिनिधि इस बैठक में शामिल नहीं होगा. सीपी सिंह ने भी बैठक में शामिल होने से इन्कार कर दिया है.
बता दें कि बाबूलाल मरांडी तकनीकी रूप से झारखंड विकास मोर्चा प्रजातांत्रिक (जेवीएम-पी) के विधायक हैं. उन्होंने अपनी पार्टी जेवीएम-पी का बीजेपी में विलय कर दिया है.
बीजेपी नेताओं के मुताबिक बीजेपी में जेवीएम-पी के विलय की जानकारी चिट्ठी द्वारा स्पीकर को दी जा चूकी है. इसके बावजूद मरांडी को सर्वदलीय बैठक में बुलाने की बजाय सीपी सिंह को आमंत्रित करना सही नहीं है.
इसे भी पढ़ें : सुरेश हत्याकांड का आरोपी नौ सालों में भी नहीं पकड़ा गया, क्या फरार ढुल्लू महतो होगा गिरफ्तार!




