
Palamu: जिला मुख्यालय से सटे चैनपुर थाना क्षेत्र के बलथरवा में मंगलवार की दोपहर बाइक सवार एक युवक पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की. तीन से चार राउंड गोलियां युवक के शरीर में उतार दी. गंभीर स्थिति में मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद युवक को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है. युवक की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के टेमराई निवासी आनंद मसी टुडू (45वर्ष) के रूप में हुई है. डीएसपी सुरजीत कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गोली लगने के बाद युवक को आनन फानन में इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया. उन्होंने बताया कि घटना के पीछे आपसी विवाद सामने आ रहा है. इसमें गांव के किसी परिचित की संलिप्तता सामने आ रही है. पूरे मामले की छानबीन तेज की गई है. जल्द खुलासा कर लिया जाएगा.
इसे भी पढ़े: लोहरदगा में पुलिस का एंटी नक्सल अभियान,ग्रामीणों के बीच बांटा गया सामान
बताया जाता है आनंद मसी टुडू अपनी बाइक से अपने घर टेमराई जा रहा था. इसी क्रम में मुख्य पथ पर बलथरवा के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने युवक पर फायरिंग की. एक गोली लगने के बाद युवक बाइक से नीचे गिर गया. इसके बाद अपराधियों ने उसे तीन से चार बार गोली मारी और निकल गए. गोली चलने की सूचना पर आस पास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया. चर्चा है कि आनंद मसी टुडू का गांव के मुन्ना यादव के साथ तालाब में मछली पालन को लेकर विवाद चल रहा था. आशंका व्यक्त की जा रही है कि इसी कारण उसे गोली मारी गई. युवक की स्थिति गंभीर बताई गई है.




