
Palamu: रोजी-रोटी की तलाश में छतीसगढ़ गये एक अधेड़ की पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी. पिटाई से अधेड़ के पुत्र और साला जख्मी हैं. उनका इलाज चल रहा है. पुलिस ने हत्या मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. अन्य की तलाश में छापामारी तेज की गयी है. मृतक की पहचान छतरपुर निवासी महेन्द्र शर्मा के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार छतरपुर निवासी महेन्द्र शर्मा, उनका बेटा राजेश शर्मा और साला उपेन्द्र शर्मा रोजगार की तलाश में छतीसगढ़ के अंबिकापुर गये थे. तीनों वहां कारपेंटर का काम करते थे. अंबिकापुर के तहसील थाना क्षेत्र में मुकेश गोस्वामी के घर तीनों ने मिल कर दरवाजा, चौखट और खिड़कियां लगायी थीं.

इसे भी पढ़ें – 47.8 प्रतिशत कुपोषण वाले झारखंड में डेढ़ माह से नौनिहालों का अंडा बंद
चौखट टेढ़ा लगाने पर बढ़ा विवाद
मुकेश गोस्वामी का आरोप है कि महेन्द्र शर्मा एवं उसके कर्मियों ने टेढ़ा चौखट लगा दिया था. महेन्द्र को फोन कर इसकी जानकारी सोमवार को दी गयी. महेन्द्र अपनी गलतियां सुधारने के बजाए उल्टे फोन पर भड़क गया और गालियां दीं. जवाब में मुकेश ने भी भला-बुरा कहा. फोन पर हुई बातचीत की जानकारी महेन्द्र ने अपने बेटे राजेश शर्मा को दी.
इसे भी पढ़ें- झामुमो का दर्दः हेमंत की सीनियर लीडरों व कैडर से दूरी, किचन कैबिनेट से हो रही दुर्गति
राजेश ने भी फोन कर मुकेश से बात की. इस दौरान भी दोनों के बीच बहस हुई. बात काफी आगे तक बढ़ गयी. राजेश शर्मा ने बताया कि इसी बीच मंगलवार को मुकेश गोस्वामी अपने कुछ रिश्तेदारों के अलावा नौकर के साथ आया और उसके अलावा उसके पिता और मामा का अपहरण कर साथ ले गया. बाद में उनकी जम कर पिटाई की, जिससे उसके पिता की मौके पर मौत हो गयी.
अपहरण कर पिटाई किये जाने की सूचना मिलने पर बुधवार को तहसील पुलिस सक्रिय हुई और राजेश और उपेन्द्र का अस्पताल में इलाज कराया. महेन्द्र के शव को कब्जे में लिया. साथ ही मुकेश को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें – अरुण जेटली मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होंगे, मोदी को पत्र लिखा, स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया



