
Palamu: जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बाइक से ओवरटेक कर एक कारोबारी पर फायरिंग कर दी. गोली कारोबारी के जांघ में लगी. छतरपुर के अनुमंडलीय अस्पताल में उनका प्रारंभिक इलाज किया गया और बेहतर इलाज के लिए एमआरएमसीएच में लाया गया है. जख्मी कारोबारी की पहचान नौडीहा बाजार निवासी 35 वर्षीय संतोष गुप्ता पिता कृष्णा साव के रूप में हुई है. घटना रामसडया गांव जाने के क्रम में बलीटाड़ में हुई. घटना के पीछे कारोबार विवाद सामने आया है. जख्मी कारोबारी की पत्नी ने गोतिया परिवार के रामजी साव पर व्यवसाय विवाद में गोली मारने का आरोप लगाया है. पत्नी ने कहा कि मोटरसाइकिल से ओवरटेक कर उसके पति की हत्या करने की नीयत से गोली चलाई गई, हालांकि किस्मत अच्छी थी कि उनकी जान बच गई.
थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गोली किसने चलाई यह स्पष्ट नहीं हो पाया है. जांच की जा रही है. जल्द खुलासा किया जाएगा. उन्होंने कहा की पत्नी के आरोप पर भी जांच की जा रही है. बताया जाता है कि सूप और दउरा का कारोबार करने वाले संतोष गुप्ता शनिवार की सुबह पौने आठ बजे खरीदारी करने के लिए रामसडया गांव की ओर जा रहे थे. इसी क्रम में सुनसान इलाके बलीटाड़ दो मुहानी पर मोटरसाइकिल से ओवरटेक कर दो अपराधियों ने संतोष पर फायरिंग कर दी. संतोष मोपेड से जा रहे थे. गोली उनके जांघ को छेड़ते हुए निकल गई.
प्रारंभिक इलाज कर रहे अनुमंडलीय अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि संतोष की हालत खतरे से बाहर है. हालांकि एक्स-रे करने को कहा गया है. इससे स्पष्ट हो जाएगा कि गोली जांघ के अंदर फंसी है या नहीं. जख्मी संतोष ने बताया कि अचानक गोली चली. उसने देखा कि उसके जांघ से खून निकल रहा है. इसकी जानकारी परिवार के लोगों को दी. एमआरएमसीएच में इलाज के क्रम में संतोष गुप्ता ने कहा कि रामजी साव के परिवार से विवाद चल रहा है. आशंका जाता है कि उसके द्वारा ही हत्या करने के लिए गोली चलवाई गई.




