
Palamu: जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के सरसोत लुकुवा गांव के समीप बटाने नहर में मंगलवार की सुबह तरबूज से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गयी. हादसे में पिकअप चालक छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के सुलसूली गांव निवासी सुधन अगरिया का 21 वर्षीय पुत्र दिपलेश अगरिया की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि सहचालक 22 वर्षीय रंजीत अगरिया बाल-बाल बच गया. घटना की सूचना के बाद पथरा ओपी प्रभारी नीतीश कुमार, एसआई प्रकाश गुप्ता सदल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से पिकअप वाहन को नहर से बाहर निकाला और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया है.
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह में अलग-अलग इलाके में दो लोगों की मौत
पथरा ओपी प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि पिकअप तरबूज लादकर छत्तीसगढ़ के बलरामपुर से बिहार के गया जिले के शेरघाटी बाजार जा रही थी. इसी क्रम में सरसोत लुकुवा गांव के समीप बटाने नहर में अनियंत्रित होकर पलट गयी. सूचना मिलने पर जेसीबी की मदद से गाड़ी को सीधा किया गया और शव को कब्जे में लिया गया. पूरे मामले में पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुट गयी है.




