
Jamshedpur : टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन के चुनाव के बाद ग्रेड को लेकर कर्मचारियों के बीच रायशमुारी (वॉयस कलेक्शन) जारी है. 14 तक चलने वाली इस रायशुमारी में गुरुवार को क्वालिटी, टूलिंग और ऑफ्टर मार्केट के कर्मचारियों के बीच रायशुमारी हुई. साथ ही ग्रेड पर उनके विचार जाने गये.
बताया जाता है कि अधिकतर कर्मचारी तीन साल का ग्रेड और बेसिक में टाटा मोटर्स से ज्यादा की बढ़ोतरी चाहते हैं. 14 जून के बाद कर्मचारियों की ग्रेड पर आयी राय के आधार पर यूनियन की ओर से चार्टर ऑफ डिमांड बनाया जायेगा और ग्रेड वार्ता के लिए प्रबंधन को यह डिमांड सौंपा जायेगा. सूत्र बताते हैं कि प्रबंधन की कोशिश है कि जल्द से जल्द ग्रेड हो जाये. ऐसे में संभावना बन रही है कि जुलाई के मध्य तक टाटा कमिंस में ग्रेड समझौता हो जायेगा.
नयी टीम के सामने बेहतर ग्रेड कराने की सबसे बड़ी चुनौती
काफी मशक्कत के बाद चुनकर आयी नयी टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती बेहतर ग्रेड कराने की है. पहली बार होगा, जब यूनियन में कोई बाहरी अध्यक्ष नहीं होगा. बाहरी अध्यक्ष होने से प्रबंधन पर बेहतर समझौता कराने का एक दबाव रहता था. लेकिन अब देखना यह है कि नयी टीम कर्मचारियों की उम्मीद के अनुसार तीन साल का ग्रेड करा पाती है कि नहीं? यही नहीं, बेसिक में बढ़ोतरी के साथ कर्मचारियों की सुविधाओं में बढ़ोतरी कराने की जिम्मेवारी भी नयी टीम पर होगी. अमूमन टाटा मोटर्स की तर्ज पर होते आये ग्रेड समझौते के बाद माना जा रहा है कि कहीं टाटा कमिंस में भी ग्रेड की अवधि तीन साल से बढ़कर चार साल नहीं हो जाये. उधर, चुनाव के बाद जो यूनियन नेता या कर्मचारी उम्मीद किये हुए थे कि अनूप सिंह विदेश दौरे से आने के बाद प्रशासन से शिकायत करेंगे, वे हो रही देरी से अब नाउम्मीद होने लगे हैं.
ये भी पढ़ें- Tata Crucible Campus Quiz के क्लस्टर विजेता बने XLRI जमशेदपुर के नलिन नेहरा




