
Ranchi: आने वाले दो महीने में रांची में एक लाख स्मार्ट मीटर लगाये जायेंगे. इस संबंध में रांची विद्युत आपूर्ति क्षेत्र कार्यालय की ओर से एजेंसी जीनस सेक्योर को आदेश दिया गया है. एजेंसी के जारी आदेश में कहा गया है कि जिन इलाकों में सर्वे पूरा हो गया है, वहां स्मार्ट मीटर लगाने में तेजी लायी जायें. यहां मार्च तक एक लाख स्मार्ट मीटर अपर बाजार, कोकर, हरमू आदि इलाकों में लगाने का आदेश दिया गया है. साथ ही हर दिन लगभग 450 स्मार्ट मीटर अधिष्ठापन कार्य करने की बात कही गयी है. बता दें कि फरवरी के शुरूआती दिनों से अपर बाजार समेत अन्य इलाकों में स्मार्ट मीटर लगाया जायेगा. जिसमें रांची सेंट्रल, कोकर और रांची न्यू कैपिटल क्षेत्र शामिल है. निगम की मानें तो इन इलाकों में सर्वे पूरा हो गया है. वहीं, पिछले दिनों जेबीवीएनएल के बोर्ड अधिकारियों ने स्मार्ट मीटर की समीक्षा बैठक की थी. जहां एजेंसी के धीमे कार्यप्रगति से अधिकारियों ने असंतोष व्यक्त किया था. जिसके बाद निगम ने एजेंसी को लक्ष्य दिया.
अपर बाजार में 14 हजार मीटर रिप्लेस
जेबीवीएनएल की मानें तो सिर्फ अपर बाजार में लगभग 14 हजार स्मार्ट मीटर रिप्लेस किया गया है. शुरूआत में पायलट प्रोजेक्ट के तहत अपर बाजार इलाके में लगभग एक हजार स्मार्ट मीटर लगाये गये. जिसके बाद निगम ने इन इलाकों के सैंपल को सही पाया. इसके बाद अन्य मीटर लगाये गये. हालांकि निगम मुख्यालय ने इस साल तक रांची जिला में स्मार्ट मीटर कार्य पूरा करने का आदेश एजेंसी को दिया है. जिसके तहत रांची जिला में लगभग साढ़े तीन लाख स्मार्ट मीटर रिप्लेस किये जाने है. इन मीटरों में खराब मीटरों को प्राथमिकता के साथ बदलना है. वहीं, नये मीटर कनेक्शन वालों को भी स्मार्ट मीटर दिया जाना है. कुछ दिनों में जिन इलाकों में मीटर लगाया जायेगा उसमें रांची सेंट्रल एरिया में मेन रोड, अशोक नगर, हरमू क्षेत्र शामिल है. कोकर में मोरहाबादी और रिम्स इलाका वहीं, रांची न्यू कैपिटल में अपर बाजार इलाके शामिल है.
मीटर की स्थिति का पता चल सकता है
इसकी सहायता से मीटर के वर्तमान स्थिति एवं वर्त्तमान लोड की जानकारी ली जा सकती है. वर्त्तमान बिल की जानकारी एवं पिछले महीनों की बिल की जानकारी भी प्राप्त होगी. स्मार्ट मीटर स्मार्ट फोन की तरह काम करेगा. इसके लिये बिजली उपभोक्ता पहले मीटर रिचार्ज करेंगे, तब बिजली बिल उपभोग करेंगे. मैनुअल मीटर रीडिंग की आवश्यकता नहीं रह जाएगी. बिजली बिल की सटीक जानकारी और प्रबंधन मोबाईल से होगा. उपभोक्ता मासिक विद्युत बिल को व्यवस्थित और नियंत्रित कर सकते हैं.




