
Chakradharpur : 22 व 23 मार्च को चक्रधरपुर में दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस कांग्रेस का द्विवार्षिक आमसभा का आयोजन होगा. आमसभा का उद्घाटन दक्षिण पूर्व रेलवे की जीएम अर्चना जोशी करेंगी. इस आमसभा में केंद्रीय कमेटी के पदाधिकारियों का भी चुनाव होगा. इस संबंध में दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस कांग्रेस के कार्यकारी महासचिव शशि मिश्रा ने बताया कि विगत दिनों दीघा में हुए मेंस कांग्रेस की कार्यकारिणी बैठक में चक्रधरपुर रेल मंडल को इस बार द्विवार्षिक आमसभा के आयोजन की जिम्मेदारी मिली है. आमसभा रेलवे कम्युनिटी हॉल में आयोजित होगी.
सभा में दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर सहित खड़गपुर, रांची, आद्रा रेल मंडल से तकरीबन पांच सौ मेंस कांग्रेस के प्रतिनिधि चक्रधरपुर पहुंचेंगे. कार्यक्रम के पहले दिन जीएम अर्चना जोशी खुद मौजूद रहेंगी और इस आमसभा का उद्घाटन भी जीएम के हाथों होगा. दो दिन यह आम सभा चलेगी. आमसभा में सबसे खास बात यह होगी कि इसमें दक्षिण पूर्व रेलवे की केंद्रीय कमेटी का चुनाव होगा. जिसको लेकर तैयारी विशेष रूप से की जा रही है. दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस कांग्रेस के तमाम शाखा सचिवों को इस द्विवार्षिक आमसभा को सफल बनाने के लिए दायित्व सौंप दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें- चक्रधरपुर: डीआरएम के आदेश से जर्जर रेलवे क्वार्टरों की मरम्मत का कार्य शुरू




