Uday Chandra
New Delhi: चेन्नई में शुरू हो रहे 44वें शतरंज ओलंपियाड से ठीक पहले पाकिस्तान ने कश्मीर की बाजी चल कर दुनिया का ध्यान कश्मीर मुद्दे पर भटकाने का कुप्रयास किया है. पाकिस्तान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ओलंपियाड उद्घाटन से ठीक पहले 44वें चेस ओलंपियाड से हटने का एलान किया है. पाकिस्तान कश्मीर से ओलंपियाड मशाल को गुजारे जाने से खफा है. हालांकि, भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है.
इसे भी पढ़ें – 10 लाख तिरंगा निर्माण में लगी SHG महिलाओं के चेहरे पर सतरंगी मुस्कान
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा है कि यह बहुत हैरान करनेवाला है कि अपनी टीम को भारत भेजने के बाद अचानक पाकिस्तान ने 44वें शतरंज ओलंपियाड में भाग नहीं लेने का एलान किया. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि जहां तक उनकी दलील का मामला है, हम यही कहेंगे कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग था, अभिन्न अंग है और रहेगा.
उल्लेखनीय है कि ओलंपियाड की मशाल विगत 21 जुलाई को कश्मीर से होकर गुजरी थी. इसी बात से पाकिस्तान खफा है और उसने प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेने का फैसला लिया है. पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता असीम इफ्तिखार ने 21 जुलाई को कश्मीर के रास्ते भारत की मशाल रिले को कारण बताते हुए एक बयान में कहा कि भारत ने इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन का राजनीतिकरण किया. बता दें कि पहली बार भारत इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन करा रहा है और पीएम नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करने जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें – साहिबगंज पुलिस ने बरामद की यूपी से चोरी गई 1.76 किलो चांदी के जेवरात, महिला सहित दो को भेजा जेल



