
- इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएन सिंह लड़ सकते हैं जेएमएम के टिकट पर बाघमारा से विधानसभा चुनावः ढुल्लू
- इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएन सिंह के रंगदार कहने को मानहानि बता कर बाघमारा के विधायक ढुल्लू महतो का किया गया शिकायतवाद न्यायालय में मंजूर
- डीसी धनबाद को सौंपा मांग पत्र. हार्ड कोक भट्ठा वालों पर लगाया चोरी के कोयले के उपयोग का आरोप. सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग की
Dhanbad: शुक्रवार का दिन बाघमारा के भाजपा विधायक ढुल्लू महतो की तेज गतिविधियों का दिन रहा. ढुल्लू ने सबसे पहले सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता की. कहा कि 8-10 लोग कोयला उठाने लगे हैं. उन्हें धमकाया जा रहा है. इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएन सिंह धंधा नहीं कर रहे बल्कि राजनीति कर रहे हैं. वह बाघमारा से जेएमएम के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं. अखबार में खबर छपने में पैसा लेन-देन की बात पर पत्रकारों से हल्की बक-झक के बाद कहा कि हार्ड कोक भट्ठा मालिक का भी अखबार है. वह क्या अपने भट्ठा के मजदूर की समस्या छापेगा? ढुल्लू ने यह भी कहा कि उनके खिलाफ उनकी ही पार्टी के लोग हैं. कौन हैं? पूछने पर ढुल्लू ने कहा कि खोज कीजिए. आप सबको मालूम भी है.
डीसी को दिया मांग पत्र
हार्ड कोक भट्ठा में श्रम कानून का उल्लंघन और मजदूरों के शोषण के विषय पर छह सूत्री मांग पत्र विधायक ढुल्लू महतो की ओर से धनबाद के उपायुक्त को सौंपा गया. इसमें भट्ठे में चोरी का कोयला उपयोग होने पर लिंकेज रद्द करने, सीसीटीवी कैमरा लगाने, मजदूरों का शोषण बंद करने, पर्यावरण और प्रदूषण बोर्ड के मानकों का सख्ती से पालन करने आदि की मांग की गयी.

सीजेएम कोर्ट में हाजिर हुए
इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएन सिंह के खिलाफ शुक्रवार को धनबाद के सीजेएम की अदालत में दायर किए गये मामले में विधायक ढुल्लू महतो अदालत में हाजिर हुए. उनके वकील एसएन मुखर्जी ने लगाया गया आरोप दोहराया. इस पर ढुल्लू महतो ने सहमति जतायी. इसके बाद न्यायालय ने बीएन सिंह के खिलाफ दर्ज मानहानि के मामले को स्वीकार कर लिया. बता दें कि कोयला लोडिंग की दर 650 रुपये प्रतिटन से बढ़ा कर 1250 रुपये प्रतिटन करने की मांग पर बीते एक महीने से कोयले की लोडिंग बंद है. 1250 रुपये लोडिंग की मांग को एसोसिएशन ने रंगदारी करार दिया. ढुल्लू पर रंगदारी वसूली का आरोप लगाया गया. इसे ढुल्लू ने मानहानि करार देकर दो-दो प्लीडर नोटिस दिया. समुचित जवाब नहीं मिलने पर सीजेएम की अदालत में वाद संख्या 3881/2018 के तहत भादवि की धारा 500, 501, 505 और 506 के तहत शुक्रवार को शिकायतवाद दर्ज कराया. जिसे शनिवार को संबंधित न्यायालय ने स्वीकार कर लिया.
चुनाव लड़ने की बात मजाकः बीएन सिंह
इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएन सिंह ने न्यूज विंग से बातचीत में कहा कि उनके बाघमारा से और वह भी जेएमएम के टिकट से चुनाव लड़ने की जो बात बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो कह रहे हैं इसमें कोई दम नहीं है. यह मजाक है. हंसने की बात है. वैसे पहले उन्होंने मेरे कांग्रेस के टिकट से चुनाव लड़ने की बात कही थी. इतनी जल्दी पार्टी नहीं बदलनी चाहिए.
इसे भी पढ़ें – बीजेपी सांसदों की सबसे बड़ी मुश्किल, लोकसभा चुनाव से पहले आखिर कैसे शांत हो कार्यकर्ताओं का गुस्सा



