
Ranchi: देवघर जिले के सिंघवा तालाब के पास स्थित एक घर में बुजुर्ग दंपती की हत्या का मामला सामने आया है. टाउन थाना क्षेत्र में डबल मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गई है. जानकारी के मुताबिक सिंघवा तालाब के पास रहने वाले 60 वर्षीय अनुज कुमार बरनवाल और उनकी पत्नी की हत्या कर दी गई है. अनुज कुमार का शव बाथरुम के पास और पत्नी का शव कमरे के दरवाजे के पास खून से लथपथ पड़ा हुआ था. पड़ोसी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो घर अंदर से बंद था. इसके बाद पुलिस दुकान का शटर कटवाकर अंदर पहुंची. दोनों शव को कब्जे में ले लिया. वही घटना को अंजाम देने के बाद कमरे के छज्जा पर बैठा आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपी युवक की पहचान अमन महथा उर्फ फुचका के रुप में की गई है. जो मृतक के घर के नजदीक का ही रहने वाला है. वही घटना में प्रयुक्त रॉड समेत अन्य समान पुलिस ने बरामद किया है. आरोपी ने घटना को अंजाम देने के बाद घर को अंदर से पूरी तरह से बंद कर दिया. हालांकि आरोपी ने भागने का प्रयास किया लेकिन बाहर लोगों की भीड़ और आक्रोश को देखते हुए आशंका हुई कि बाहर निकला तो उसे लोग जान से मार देंगे. इसके बाद अंदर ही बैठा रहा. पुलिस ने जब आरोपी युवक को बाहर निकाला तो स्थानीय लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा. आक्रोशित लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी. हालांकि पुलिस किसी तरह युवक को बचाकर थाने ले गई.
10 वर्ष से देवघर में रह रहा था दंपती
जानकारी के मुताबिक मूल रुप से बिहार के जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र स्थित पुरानी बाजार निवासी दंपती करीब दस वर्ष से देवघर में घर बनाकर रह रहे थे. चार बेटी के पिता ने घर में ही एक दुकान खोल रखा था. जबकि बस स्टैंड में दूसरा दुकान खोल रखा था. दंपती के चारों बेटी की शादी हो चुकी है. सोमवार की रात दंपती के घर से चीखने चिल्लाने की आवाज आई तो पड़ोस में रहने वाले मुकेश नामक रिश्तेदार ने उन्हें कॉल किया हालांकि उसका जवाब नही आया तो आसपास के लोगों को लेकर वह मौके पर पहुंचा. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. सूचना पर पहुंची पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से दुकान के शटर को तोड़ अंदर पहुंची. जहां खून से लथपथ दंपती का शव बरामद किया गया. उनके सिर व चेहरे पर गहरे जख्म के निशान थे.




