
Ranchi : चेक बाउंस से जुड़े मामले में अभिनेत्री अमीषा पटेल की ओर से गवाह संख्या एक अजय कुमार सिंह उर्फ टिंकू सिंह का प्रतिपरीक्षण न्यायिक दंडाधिकारी डीएन शुक्ला की अदालत में पूरा नहीं हो सका. अमीषा पटेल की ओर से गवाह संख्या एक के प्रतिपरीक्षण के लिए कोर्ट से समय की मांग की गयी. जिस पर कोर्ट ने मामले की सुनवाई मंगलवार निर्धारित करते हुए अमीषा पटेल पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया है. शिकायतकर्ता अजय कुमार सिंह की ओर से अधिवक्ता विजयलक्ष्मी ने अमीषा पटेल की अधिवक्ता द्वारा प्रतिपरीक्षण के लिए समय मांगने जाने का विरोध किया. यहां यह भी बता दें कि पूर्व में भी गवाह का प्रतिपरीक्षण नहीं करने पर अमीषा पटेल को कोर्ट ने जुर्माना लगाया था. दरअसल, गवाह संख्या एक अजय कुमार सिंह उर्फ टिंकू सिंह का प्रतिपरीक्षण नहीं होने के कारण उसकी फिर से गवाही कराने का आग्रह किया था. कोर्ट की मंजूरी के बाद टिंकू सिंह के प्रतिपरीक्षण का अमीषा पटेल के अधिवक्ता द्वारा किया जा रहा है. दरअसल, फिल्म मेकर अजय कुमार सिंह ने अभिनेत्री अमीषा पटेल पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था. देसी मैजिक फिल्म बनाने के नाम पर अजय कुमार सिंह से अमीषा पटेल ने ढाई करोड़ रुपये लिये थे. वापसी के लिए जो चेक दिया गया वह बाउंस कर गया. अजय कुमार सिंह के द्वारा पैसा मांगने पर अमीषा पटेल ने 2 चेक दिये थे. वे दोनों चेक बाउंस हो गये थे. जिसको लेकर अजय कुमार सिंह ने अमीषा पटेल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था. कोर्ट ने मामले में अमीषा पटेल के खिलाफ 7 अप्रैल 2023 को वारंट जारी किया था जिसके बाद उन्होंने 17 जून को कोर्ट में सरेंडर कर जमानत ली थी. कोर्ट में रांची के फिल्म प्रोड्यूसर अजय कुमार सिंह की ओर से 29 मार्च 2019 को अमीषा पटेल और उनके बिजनेस पार्टनर कुणाल ग्रूमर पर धोखाधड़ी और धमकी का मामला दर्ज कराया गया है. आरोप है कि म्यूजिक मेकिंग के नाम पर अमीषा पटेल ने अजय कुमार सिंह से ढाई करोड़ की राशि प्राप्त करके म्यूजिक मेकिंग की दिशा में कदम नहीं उठाया.
इसे भी पढ़ें – इडी ने कोर्ट को बताया, झारखंड पुलिस ने प्रेम प्रकाश के आवास से बरामद दो एके 47 राइफल्स मामले में तथ्यों को छुपाया, नहीं की कार्रवाई



