
Ranchi : नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने झारखंड में राहुल गांधी की न्याय यात्रा कार्यक्रम को लेकर चुटकी ली है. सूचना भवन, कांके के पास जस्टिस एलपीएन शाहदेव की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद मीडिया के सवालों पर उन्होंने कहा कि वास्तव में कांग्रेस की यह यात्रा न्याय यात्रा न्याय नहीं, बल्कि अन्याय यात्रा है. राहुल गांधी ने जब पिछली बार भारत जोड़ो यात्रा की थी तो उसका लगभग 90% फायदा भारतीय जनता पार्टी को हुआ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी की कांग्रेस मुक्त भारत की परिकल्पना के सबसे बड़े सूत्रधार राहुल गांधी ही हैं. असल में कांग्रेस की न्याय यात्रा अपने अन्याय को छिपाने के लिए है. यदि कांग्रेस चाहती तो वर्षों पहले झारखंड राज्य अलग हो गया होता. लेकिन कांग्रेस ने ऐसा होने नहीं दिया. कांग्रेस अपने अन्याय, करतूतों को छिपाने के लिए ही यह न्याय यात्रा कर रही है.
जस्टिस शाहदेव हमारे लिए आदर्श
अमर कुमार बाउरी ने झारखंड के पुत्र और झारखंड आंदोलन में अपनी अग्रिम भूमिका निभाने वाले जस्टिस एलपीएन शाहदेव की पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया. कहा कि जस्टिस एल पी एन शाहदेव झारखंड आंदोलन को बौद्धिक पहचान देने और बौद्धिक रूप से जनमानस को प्यार करने वालों में से थे. माटी के पुत्र का इतने बड़े ओहदे तक जाना हम सबको प्रोत्साहित करता है. जस्टिस शाहदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण के मौके पर विधायक सीपी सिंह, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव समेत अन्य भी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें – उत्पाद विभाग में युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने लालपुर चौक को किया जाम



