Bihar

नीतीश ने मसूद अजहर के वैश्विक आतंकवादी घोषित होने पर की मोदी की तारीफ, साधा लालू पर निशाना

Valmikinagar (Bihar) : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संयुक्त राष्ट्र द्वारा जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को वैश्विक आतंकवादी घोषित किए जाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की. उन्होंने कहा कि यह आतंकवाद के खिलाफ स्पष्ट और ठोस रुख का नतीजा है.

इसे भी पढ़ें- रोड शो कर रहे थे केजरीवाल, एक युवक ने थप्पड़ मारा, पुलिस हिरासत में  

आतंकवाद के मुद्दे पर कार्रवाई कर रही सरकार

बिहार के इस सुदूरवर्ती हिस्से में प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में रैली को संबोधित करते हुए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद पर परोक्ष हमला बोलते हुए कहा कि 15 साल तक राज्य में एक ही परिवार का शासन रहा, लेकिन कानून का शासन नाम की चीज नहीं थी.

नीतीश ने कहा कि मैं मसूद अजहर को वैश्विक आतंकवादी घोषित करने को लेकर प्रधानमंत्री को बधाई देना चाहता हूं. इस दिशा में लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन सफलता अब मिल सकी है.

यह कोई छोटी बात नहीं है और निश्चित तौर पर इसका श्रेय सरकार के उस स्पष्ट और ठोस रुख को दिया जाना चाहिए जिससे वह आतंकवाद के मुद्दे पर कार्रवाई कर रही थी.

इसे भी पढ़ें- मोदी का रुख मायावती के प्रति नरम!  कहा, सपा- कांग्रेस ने बसपा के साथ बड़ा खेल खेला है

लालू पर निशाना

लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए नीतीश ने कहा कि पैसे बनाने का मौका देखकर कुछ लोग सत्ता के पीछे भागते हैं और जब कानून अपना काम करता है तो शोर मचाने लगते हैं कि उन्हें फंसाया जा रहा है.

चारा घोटाले के मामले में सजायाफ्ता लालू प्रसाद और उनकी पत्नी राबड़ी देवी के मुख्यमंत्रित्व काल को याद करते हुए नीतीश ने कहा कि राज्य में एक परिवार का शासन था, लेकिन कानून का शासन नहीं था.

राज्य के ज्यादातर हिस्सों में लोग रात होने से पहले ही घरों में खुद को बंद कर लेते थे. पश्चिमी चंपारण जैसे जिलों में तो हालात और खराब थे. लोगों को दोपहर में भी घर से बाहर निकलने में डर लगता था.

इसे भी पढ़ें- अनंतनाग में BJP नेता की आतंकियों ने गोली मारकर की हत्या

लालटेन बेकार हो गयी : नीतीश

नीतीश ने कहा कि हमें 13 साल पहले बिहार के लोगों की सेवा का मौका मिला और उसके बाद से हम लगातार कानून का शासन कायम करने और ‘न्याय के साथ विकास’ सुनिश्चित करने के काम में लगे हैं. उन्होंने कहा कि बिहार देश में सबसे तेजी से विकास करने वाले राज्यों में शामिल है और सामाजिक बदलाव भी हुए हैं. अब महिलाएं राज्य की प्रगति में सक्रिय हिस्सा ले रही हैं.

जदयू अध्यक्ष ने राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि हम राज्य के हर कोने में बिजली पहुंचाने में सफल हुए हैंत. इससे लालटेन बेकार हो गयी. उल्लेखनीय है कि लालटेन राजद का चुनाव चिह्न है.

नीतीश ने कहा कि मैं दिल खोलकर मदद करने के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं. सड़कें और पुल बनाने के लिए राज्य को 50,000 करोड़ रुपए दिए गए हैं. बिहार की निर्बाध प्रगति के लिए मैं लोगों से अपील करूंगा कि उन्हें दोबारा चुनकर सत्ता में लाएं.

Related Articles

Back to top button