
Dhanbad : CAA और NRC के विरोध में जिला प्रशासन की अनुमति के बगैर वासेपुर से जुलूस निकालनेवालों पर राजद्रोह की धारा 124 (ए) के तहत मुकदमा नहीं चलेगा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद धनबाद पुलिस ने यू-टर्न लिया है.
इस मामले को लेकर भाजपा के धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि सरकार किसी की भी हो, सभी पर नियम सम्मत कार्रवाई होनी चाहिए.
जिस तरह बिना एसडीओ के परमिशन के CAA और NRC को लेकर विरोध मार्च निकाला गया था. साथ ही आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गयी थी. यह बहुत गलत था क्योंकि कानून सब के लिए बराबर है. जो नियम लागू किये गये हैं, उसका सभी को पालन करना होगा.
इसे भी पढ़ें – जानें किस आधार पर मोमेंटम झारखंड घोटाले में रघुवर दास के अलावा चार IAS को बनाया गया है आरोपी
… तो कोर्ट की शरण में भी जायेंगे
राज सिन्हा ने यह भी कहा कि नयी सरकार जल्दबाजी में एक वर्ग को लेकर कोई गलत फैसला न ले. क्योंकि सभी धर्म के लोगों ने वोट देकर मुख्यमंत्री बनाया है. अगर एक वर्ग को लेकर फैसला किया जायेगा तो आगे सफलता नहीं मिलेगी.
उन्होंने कहा कि सरकार यह फैसला वापस ले अन्यथा हम आगे तक भी जायेंगे. उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो इस मामले को लेकर कोर्ट की भी शरण लेंगे.
इसे भी पढ़ें – हिन्दू-मुस्लिम में उलझाकर बेचते जा रहे देश की संपत्ति, इतिहास से भी नहीं सीखते
छह जनवरी को निकाला गया था जुलूस
मालूम हो कि वासेपुर के तीन हजार लोगों पर से राजद्रोह की धारा को हटाने का फैसला लिया गया था. इस धारा को हटाने के लिए न्यायालय में शुद्धि पत्र दिया गया है. दरअसल छह जनवरी, 2020 को धनबाद के अल्पसंख्यक बहुल वासेपुर से हजारों लोगों ने बगैर अनुमति के CCA और NRC के विरोध में जुलूस निकाला था.
लोग वासेपुर से जुलूस निकाल कर धनबाद शहर में आ गये थे. जुलूस में शामिल लोग केंद्र सरकार के खिलाफ काफी आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे थे. बताया जाता है कि जुलूस में शामिल लोग हाथों में तख्तियां लेकर चल रहे थे जिस पर काफी आपत्तिजनक बातें लिखी थीं.
तीन-चार घंटे तक धनबाद शहर में तनावपूर्ण स्थिति रही. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल के साथ एसएसपी को खुद सड़क पर उतरना पड़ा था. जुलूस में शामिल सात नामजद समेत करीब 3000 हजार लोगों पर धनबाद थाना में राजद्रोह के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी.
इसे भी पढ़ें – #JNU मामले में स्मृति ईरानी ने दीपिका पर आरोप, कहा- देश के टुकड़े चाहने वालों के साथ हुईं खड़ी



