
Ranchi: मंगलवार को औचक निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में रिम्स को लेकर समीक्षा बैठक की. मुख्यमंत्री ने बताया कि नीति प्रैक्टिस करनेवाले डॉक्टरों की सूची सरकार के पास है. एसीबी जांच के बाद उन सभी पर कार्रवाई की जायेगी. मुख्यमंत्री ने रिम्स में घूमनेवाले दलालों को पकड़ कर सीधे केस दर्ज करने का आदेश जारी किया है. इसके अलावा सीएम ने कहा कि जल्द ही सीनियर रेजीडेंट डॉक्टरों के पद सृजित किये जायेंगे. इसके अलावा एक माह के अंदर ही नर्सों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी. सीएम ने कहा कि रिम्स में खराब मशीनों को एक सप्ताह के अंदर दुरुस्त करने की जिम्मेदारी विभागाध्यक्ष की है. देर होने पर उन पर भी कार्रवाई की जायेगी. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा कि रिम्स को चुस्त-दुरुस्त करना सरकार की प्राथमिकता है. सरकार रिम्स की बेहतरी के लिए हर संभव मदद को तैयार है.
इसे भी पढ़ें – बंगाल में सड़कों पर नमाज का विरोध, BJYM कार्यकर्ताओं ने रोड पर पढ़ी हनुमान चालीसा
एक माह में नर्सों की भर्ती की प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी
बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 दिनों के भीतर सीनियर रेसीडेंट चिकित्सकों के पद सृजित किये जायेंगे. एक माह में नर्सों के भर्ती की प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी. सुरक्षा मानकों का पूरा अनुपालन किया जाएगा.रिम्स में सुरक्षा व्यवस्था पुलिस के हाथों में रहेगी. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने डीजीपी कमल नयन चौबे को रिम्स जाकर जरूरत के मुताबिक सुरक्षा बल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. दुर्घटना के मामलों में ओडी करने के लिए एक टीम रिम्स में भी रखें. सुरक्षा बलों को तीन शिफ्ट में यहां रखा जायेगा. मरीजों के साथ आनेवाले परिजनों के लिए पास जारी करने तथा मिलने का समय निर्धारित करने का भी निर्देश उन्होंने दिया.
इसे भी पढ़ें- अपनी बनायी नियमावली ही नहीं मानती सरकार और नौकरी नहीं मिलती बेरोजगारों को
दवाओं के स्टॉक को कंप्यूटरीकृत करने का निर्देश
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दवाओं के स्टॉक को कंप्यूटरीकृत करने को कहा, ताकि दवा की उपलब्धता की सही जानकारी मिलती रहे. दवा की कमी न रहे, इसका विशेष ध्यान रखें. रिम्स परिसर में बनी दुकानों को हटाने और उन्हें आसपास कहीं बसाने का निर्देश देते हुए कहा कि सरकार केवल किसी को उजाड़ने में विश्वास नहीं रखती है. उन्हें बसाना भी सरकार का लक्ष्य है. पार्किंग भी चिह्नित करें और वाहन वहीं खड़े हों, इसे सुनिश्चित करें.
इसे भी पढ़ें- तीन माह में राज्य से 45 प्रतिशत कुपोषण समाप्त करें, कुपोषण मुक्त पंचायत को एक लाख रुपये देने की घोषणा : मुख्यमंत्री



