
Bermo: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी सीआईएसएफ यूनिट में रविवार को राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह का आयोजन किया गया. समारोह में बतौर मुख्य अतिथि डीवीसी के एचओपी आनंद मोहन प्रसाद, विशिष्ट अतिथि के रुप में, डीजीएम बीजी होलकर एवं सीआईएसएफ के डीसी राजोले विशाल विलास मौजूद थे.इस अवसर पर मौजूद अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों के अलावा वरीय प्रबंधक मैकनिकल मनीष कुमार चौधरी, सहायक संरक्षा प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार, निरीक्षक फायर अनिल कुमार, निरीक्षक प्रशांत कुमार प्रसून सहित सीआइएसएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने शहीद श्रद्धांजली स्थल पर पुष्प अर्पित कर शहीद जवानों को अपनी श्रद्धांजली अर्पित की. एचओपी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि डीवीसी सीआईएसएफ यूनिट फायर विंग के कर्मियों एवं अधिकारियों द्वारा पूरे सप्ताह राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन स्थानीय स्कूलों, पावर प्लांट, हॉस्पीटल एवं ऑफिसर्स क्लब में करके आग से बचाव के लिए जागरुकता अभियान चलाया जाता है, जिससे सभी को आग से बचाव की जानकारी दी जाती है. उन्होंने कहा कि बोकारो थर्मल का सीआईएसएफ फायर विभाग पूरे जिला का उन्नत फायर विभाग है जिसने अपनी कार्यप्रणाली से एक अलग ही पहचान बनायी है.कहा कि सीआईएसएफ की बदौलत ही पावर प्लांट सुरक्षा के साथ बिजली उत्पादन का कार्य करता है. डीसी राजोले विशाल विलास ने कहा कि आग की घटना काफी विनाशकारी होती है, जिस पर नियंत्रण जागरुकता लाकर ही किया जा सकता है. कहा कि इसका एकमात्र उद्देश्य अग्निकांडों से होने वाली क्षति के प्रति नागरिकों को जागरूक करना होता है.




