
New Delhi: कोरोना संक्रमण के मामले में मंगलवार को 24 घंटे में उछाल देखा गया है. स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार मंगलवार को देश में कोरोना संक्रमण के 2,067 नए मामले सामने आए हैं. एक दिन पूर्व के मुकाबले 820 मामले अधिक हैं. मालूम हो कि देशभर में कोरोना के कल 1,247 नए मामले सामने आए थे. खास बात यह भी है कि मंगलवार को 24 घंटे में कोरोना से 40 लोगों की मौत हुई है. जबकि इससे एक दिन पूर्व महज एक व्यक्ति की मौत हुई थी. मौत का यह आंकड़ा डराने वाला है. मालूम हो कि सोमवार से पहले तक देश रोजाना मिलने वाले संक्रमितों की संख्या 1000 के करीब रह रही थी.
इसे भी पढ़ेंःकिसकी नजर लग गई विराट के बल्ले को, 7 पारियों में महज 119 रन, प्लेइंग इलेवन से बाहर होने का खतरा
इस तरह देश में कोरोना से अब तक 5,22,006 लोगों की मौत हो चुकी है. अब तक कुल 4,25,13,248 लोग रिकवर हो चुके हैं. इसके साथ ही एक्टिव केस अब 12,340 हो गए हैं. देश में कोरोना के अब तक 4,30,47,594 मामले सामने आ चुके हैं. खासकर राजधानी दिल्ली में बड़ी संख्या में संक्रमित सामने आने लगे हैं. मंगलवार को 24 घंटे में दिल्ली में 632 संक्रमित मिले हैं. इनमें बड़ी संख्या स्कूली बच्चों की है. यह और भी चिंता की बात है.
उधर, कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर केंद्र सरकार ने राज्यों को चिट्ठी लिखी है. केंद्र सरकार ने मंगलवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और मिजोरम पर कड़ी नजर रखने और जरूरत पड़ने पर एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी है. केंद्र ने उन्हें प्राथमिक टीकाकरण और सर्तकता खुराक लगाने के साथ नए मामलों के समूहों की निगरानी करने और संक्रमण के प्रसार को रोकने के प्रयासों पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी है.




