
Jamshedpur : स्वच्छ भारत सर्वेक्षण प्रतियोगिता-2021 में जुगसलाई नगर परिषद और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है. जुगसलाई नगर परिषद जहां कम जनसंख्या वाले शहरों में पूरे झारखंड में अव्वल रही है, तो जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को गारबेज फ्री सिटी व स्वच्छ सफाई मित्र कैटेगरी में पुरस्कार के लिए चुना गया है. पुरस्कार ग्रहण करने के लिए जमशेदपुर के उपायुक्त सूरज कुमार, जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार, टीएसआइयूएल (जुस्को) के कैप्टन धनंजय मिश्रा, सिटी मैनेजर संदीप कुमार, जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी जगदीश प्रसाद यादव, राजेंद्र कुमार, अंजलि तिग्गा आदि गुरुवार को दिल्ली गये. ये लोग 20 नवंबर को नयी दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों से पुरस्कार ग्रहण करेंगे. दिल्ली जाने वालों में नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे तथा शहरी अभिकरण निदेशक अमित कुमार भी शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें – धनबाद : SINDRI में FCI आवास कब्जाने को लेकर ‘सिंह मेंशन’ और ‘रघुकुल’ समर्थक आमने-सामने
पिछले साल भी जुगसलाई टॉप 10 में शामिल था
स्वच्छ सर्वेक्षण-2021 में जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति व जुगसलाई नगर परिषद का पुरस्कार के लिए चयनित होना पूर्वी सिंहभूम जिले और राज्य के लिए गौरव की बात है, बता दें कि जुगसलाई नगर परिषद स्वच्छ भारत प्रतियोगिता-2020 में भी पूर्वी भारत में 50 हजार से कम जनसंख्या वाले शहरों में नौवें स्थान पर था, जबकि झारखंड में यह पहले स्थान पर था. जमशेदपुर अक्षेस भी पूरे देश में तीन से 10 लाख की जनसंख्या वाले शहरों में देश में सातवें स्थान पर रहा था.
इसे भी पढ़ें – भारत-न्यूजीलैंड मैच में 100 प्रतिशत दर्शकों की अनुमति HC ने रखी बरकरार




