
Giridih: छेड़छाड़ और अश्लील हरकत के कारण मधुबन के मंजय शर्मा की हत्या महिला अंजू देवी और उसके पति खेमलाल महतो ने किया था. गिरिडीह के डुमरी थाना पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा घटना के तीन दिनों में कर दिया. और हत्याकांड के दोनों आरोपी पति-पत्नी को दबोचने के साथ हत्या में शामिल समानों को भी बरामद करने में सफल रही. जबकि पिछले शुक्रवार को मिले मंजय शर्मा की उस वक्त पहचान तक नहीं हो पा रही थी, क्योंकि मृतक के चेहरे को भी बुरी तरह से दोनों पति-पत्नी ने कुचल दिया था. इधर तीन दिन में मिली सफलता के बाद सोमवार को एसपी दीपक कुमार शर्मा और एसडीपीओ सुमित प्रसाद और डुमरी थाना प्रभारी ने प्रेसवार्ता कर जानकारी देते हुए बताया कि मृतक मंजय शर्मा मधुबन का था, और अंजू देवी पर गलत निगाह रखते हुए उसके साथ अश्लील हरकत करता था. घटना की रात मृतक अंजू देवी को अकेले पा कर उसके घर में घुसा, लेकिन अंजू का पति पहले से ही घर पर था, लिहाजा, पति पत्नी ने शुक्रवार की रात संजय को पहले लाठी डंडे से पीटा, उसके बाद कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी और शव को गिरिडीह-डुमरी रोड के प्रोग्रेसिव स्कूल के पीछे झाड़ियों में फेंक दिया. इसके बाद घटना की जांच में जुटे एसडीपीओ सुमित प्रसाद और डुमरी थाना प्रभारी ने एक एक बिंदु की जांच कर दोनो आरोपी पति पत्नी को दबोचने में सफल रहे, और कुल्हाड़ी के साथ लाठी को भी बरामद कर लिया.





